नई दिल्ली:
चीनी सरकार की दमनात्मक कार्रवाई के विरुद्ध लामबंद हुए तिब्बती समुदाय ने फिल्म स्टॉर आमिर खान से ओलिंपिक की मशाल दौड़ का बॉयकॉट करने की अपील की है।
बीजिंग में अगस्त से प्रारंभ हो रहे ओलिंपिक-2008 की मशाल अगले माह दिल्ली पहुंच रही है। देश में होने वाली मशाल दौड़ में शिरकत करने वालों में आमिर का नाम प्रमुख है।
दशकों से निर्वासित तिब्बती चाहते हैं कि चीनी दमनात्मक कार्रवाई के विरोध में आमिर इस दौड़ में शामिल न करें। एक किशोर ने उनके इस दौड़ में शामिल होने की स्थिति में आत्मदाह तक करने की धमकी दी है।
इस समय अपने नए लुक के कारण चर्चा में आए आमिर ने इस अपील पर अपनी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। तिब्बतियों ने आमिर के सामाजिक मुद्दों के साथ लंबे जुड़ाव को ही ध्यान में रखकर यह अपील की है। मशाल दौड़ में आमिर के साथ सैफ अली खान और उनकी बहन अभिनेत्री सोहा अली खान भी शामिल होने जा रहीं हैं।