भोपाल. राज्यसभा की तीन सीटों के लिए शुक्रवार को हो रहे मतदान को लेकर राजनीतिक उठापटक गुरुवार को चरम पर पहुंच गई। संभवत: राज्य के राजनैतिक इतिहास में पहली बार राज्यसभा चुनाव को लेकर ऐसी रस्साकशी देखने को मिल रही है। जिसमें विधायकों की खरीद-फरोख्त का मामला भी सामने आया है।
शुक्रवार को मतदान सुबह नौ से शाम चार बजे तक चलेगा। उसके तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। भाजपा ने इस चुनाव में माया सिंह, प्रभात झा एवं रघुनंदन शर्मा को उतारा है। पार्टी के प्रबंधक गोंडवाना गणतंत्र पार्टी और समाजवादी पार्टी में तोड़फोड़ मचाने में सक्रिय हैं। पूर्व महाधिवक्ता विवेक तन्खा निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर मैदान में हैं।
जिन्हें कांग्रेस समर्थन दे रही है। जीत के लिए निर्धारित 57 मतों के जादुई आंकड़े को छूने के लिए सत्ता पक्ष के साथ ही श्री तन्खा के समर्थकों ने एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है। बताया गया है कि भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने विधायकों पर नजर रखने के लिए ‘मैन-टू-मैन मार्किग’ का इंतजाम किया है। एक-एक विधायक पर नजर रखने हेतु एक से अधिक पार्टीजन तैनात किए गए हैं। देर रात भाजपा ने अपने विधायकों के लिए व्हिप भी जारी कर दिया।
समरीते का नया पैतरा
समाजवादी पार्टी भी श्री तन्खा के समर्थन में मैदान में है। उसके राष्ट्रीय महासचिव अमर सिंह भोपाल में डेरा डाल चुके हैं। इससे माहौल में आंशिक बदलाव भी महसूस किया गया है। पार्टी के विधायक किशोर समरीते कल तक श्री तन्खा और सपा नेताओं के खिलाफ आग के गोले बरसा रहे थे, वे गुरूवार को अमर सिंह की अगवानी करने विमानतल पर पहुंचे और पूरे समय उनके साथ रहे। नतीजे में सपा ने उनका निलंबन समाप्त कर दिया और उन्हें माफी दे दी। अमर सिंह ने गुरूवार को सपा के अतिरिक्त अन्य छोटे दलों के विधायकों से भी मुलाकात की। हालांकि इससे कुछ देर पहले श्री समरीते ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से उनके निवास पर मुलाकात की थी।
छोटे दल
हालांकि गोंगपा के हीरासिंह मरकाम वाले गुट ने निर्दलीय उम्मीदवार विवेक तन्खा के पक्ष में मतदान करने की व्हिप जारी की है। इस गुट का विधानसभा में महज एक विधायक है। दूसरे गुट के दो विधायक अपने पत्ते नहीं खोल रहे हैं,पर पता चला है कि वे स्वास्थ्य मंत्री अजय विश्नोई के संपर्क में हैं। गुरूवार की रात तक बहुजन समाज पार्टी ने अपना रुख स्पष्ट नहीं किया था। राष्ट्रीय समानता दल में दो-फाड़ बरकरार रही। जनता दल यूनाइटेड ने भाजपा को समर्थन देने का एलान किया है।