HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

टिकट लेने तक छूट जाती है ट्रेन..

बिलासपुर. जोन के महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन बिलासपुर में यात्रियों के लिए पर्याप्त टिकट काउंटर का अभाव बना हुआ है। यहां टिकट लेने के लिए यात्रियों के बीच मारामारी की स्थिति रहती है, लेकिन स्टाफ की कमी के कारण 7 नए टिकट काउंटर अब तक शुरू नहीं हो सके हैं। बिलासपुर स्टेशन से मेल, एक्सप्रेस व पैसेंजर सहित 36 ट्रेनें गुजरती हैं। ऐसे में यहां यात्रियों की भीड़ भी काफी होती है।

रोजाना हजारों यात्री यहां से ट्रेन पकड़ते हैं, लेकिन उन्हें पूरे सफर में जितनी तकलीफ नहीं होती होगी, उससे कहीं अधिक परेशानी टिकट लेने में उठानी पड़ती है। रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट की तरफ से यदि कोई यात्री टिकट लेना चाहे तो वहां केवल तीन काउंटर की व्यवस्था है। ऐसे ही तीन काउंटरों की व्यवस्था कटनी प्लेटफार्म की तरफ है। यानी कुल 6 काउंटर ही हैं, जहां टिकट लेने के लिए यात्रियों को लंबी लाइन लगानी पड़ती है। टिकट लेने की जद्दोजहद में कई बार यात्रियों के बीच विवाद और तनाव की स्थिति भी निर्मित हो जाती है। वहीं लंबी कतार के चक्कर में यात्रियों की ट्रेन छूट जाती है, लेकिन इसकी चिंता शायद रेलवे को नहीं है। हालांकि यहां कटनी प्लेटफार्म की तरफ नया टिकट काम्पलेक्स बनाया गया है, जिसमें 7 अतिक्ति काउंटर बनाए गए हैं, लेकिन ये काउंटर अब तक शुरू नहीं हो सके हैं।

प्लेटफार्म टिकट के लिए कोई काउंटर नहीं

यदि कोई व्यक्ति अपने किसी परिचित या रिश्तेदार को अटेंड करने या छोड़ने प्लेटफार्म तक जाना चाहे तो नियमानुसार उसे प्लेटफार्म टिकट लेना आवश्यक है। रेलवे ने यह नियम तो बना दिया है, लेकिन इसके पालन के लिए रेलवे के पास कोई व्यवस्था नहीं है। यानी अलग से कोई ऐसा काउंटर नहीं खोला गया है, जहां लोग प्लेटफार्म टिकट खरीद सकें। यदि कोई व्यक्ति रेलवे के नियम का पालन करना भी चाहे तो उसे केवल एक प्लेटफार्म टिकट के लिए यात्री टिकट काउंटर में ही लंबी लाइन लगानी पड़ेगी। इस अव्यवस्था के चलते लोग प्लेटफार्म टिकट ही नहीं खरीदते।

नए काउंटर खोलने की योजना नहीं

इस संबंध में सीनियर डीसीएम एके शमशी से चर्चा करने पर उन्होंने बताया कि रेलवे के पास स्टाफ की कमी है, जिससे नए काउंटर शुरू होने में अड़चन है। नए काउंटर कब तक शुरू हो सकेंगे इस बारे में भी अभी कुछ नहीं जा सकता।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: