Manoranjan
Telly Talk Telly Talk मुंबई.
सास-बहू जैसे सीरियल्स की अंधी और उबाऊ होती जा रही होड़ में अब भारतीय संस्कृति को उजागर करने वाले कार्यक्रमों की सख्त आवश्यकता महसूस की जा रही है। दूरदर्शन पर वर्षो पहले प्रसारित होने वाले कार्यक्रम ‘सुरभि’ की तर्ज पर सिद्धार्थ काक का नया धारावाहिक फिर से इस इस कड़ी को आगे बढ़ाने जा रहा है।
टेलीविजन के इतिहास में ‘सुरभि’ नामक कार्यक्रम हमेशा स्मरणीय रहेगा। इस कार्यक्रम ने जहां अपने विशेष रंग-रूप से अपनी पहचान बनाई थी, वहीं इसके संचालक सिद्धार्थ काक और रेणुका शहाणो को भी खूब लोकप्रियता मिली थी। ‘सुरभि’ से छोटे परदे पर देश की कला-संस्कृति पेश करने वाले सिद्धार्थ काक फिर एक बार इसी तरह का कार्यक्रम लेकर दर्शकों के सामने आ रहे हैं। वे एनडीटीवी इमेजिन पर 31 मार्च से ‘इंडियाधनुष’ नाम से अपना नया शो लेकर आएंगे।
यह शो सिद्घार्थ काक के सिनेमा विजन इंडिया द्वारा बनाया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक इस शो में भारत की कला, संस्कृति, जीवनशैली और धरोहर के रोचक और अज्ञात पहलुओं को प्रस्तुत किया जाएगा। खास बात यह है कि इस बार रेणुका शहाणो की जगह सिद्धार्थ के साथ अमी त्रिवेदी इस शो की होस्ट होंगी।
हर एपिसोड में रोमांचकारी कहानियां दिखाई जाएंगी, जिनमें गोदना करने की कला से लेकर राजस्थान की पगड़ियां और महाराष्ट्र की लावणी, लखनऊ की कबाब गली, हाथियों के लिए गहने और चूड़ी बनाने की परंपरा, झाबुआ का भगोरिया मेला आदि शामिल हैं। एनडीटीवी इमेजिन की कार्यकारी वाइस प्रेसीडेंट-कंटेट शैलजा केजरीवाल इस कार्यक्रम को लेकर बहुत उत्साहित हैं।
उनका कहना है कि अपने चारों ओर सुंदरता बिखरी पड़ी है, लेकिन हमारा उस ओर ध्यान नहीं है। इसी सुंदरता को वे इस कार्यक्रम के तहत दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। ‘इंडियाधनुष’ संपन्न संस्कृति और विविध लोगों को दर्शकों के लिए लेकर आएगा, जो हमारे देश को फिर से तलाश करने में उनकी मदद करेगा।