मुम्बई. महाराष्ट्र विधानसभा ने राज्य के मुख्य चुनाव आयुक्त नंदलाल को आर्थर रोड जेल से रिहा कर दिया गया है। गौरतलब है कि विशेषाधिकार हनन के आरोप में महाराष्ट्र विधानसभा ने राज्य के मुख्य चुनाव आयुक्त नंदलाल को दो दिन की कस्टडी की सजा सुनाई थी । किसी चुनाव आयुक्त को इस तरह की सजा सुनाने का संभवतया यह पहला ही मामला है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2006 में नंदलाल ने महापौर, उपमहापौर, जिला परिषद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, पंचायत समिति के सभापति और उपसभापति के चुनाव को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ एक समन जारी किया था। इस समन से विधानसभा की अवमानना का आरोप लगाते हुए कांग्रेस के जनार्दन चांदूरकर ने 7 मार्च 2006 को नंदलाल के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव रखा था। विधानसभा की विशेषाधिकार हनन मामलों की चंद्रकांत छाजेड़ की अध्यक्षता वाली कमेटी ने गुरुवार को अपनी रिपोर्ट विधानसभा में पेश की। कमेटी ने नंदलाल को विशेषाधिकार हनन का दोषी ठहराकर सात दिन की कस्टडी की सिफारिश की थी, जिसे मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख के प्रस्ताव पर दो दिन कर दिया गया।