होशियारपुर/अमृतसर.
पाकिस्तान के निवृतमान मानवाधिकार मंत्री अंसार बर्नी ने अगले माह भारत आकर सरबजीत के पूरे परिवार को वीजा दिलाने का वादा किया है। इस आश्वासन के बाद सरबजीत की बहन दलबीर कौर ने वीजा के लिए दिल्ली स्थित पाक दूतावास जाने का फैसला फिलहाल टाल दिया है।
वे सरबजीत की फांसी की सजा माफ कराने की ताजा अर्जी देने अपने परिवार समेत पड़ोसी देश जाना चाहती हैं। वीरवार को दलबीर कौर ने अमृतसर में पत्रकारों को बताया कि बर्नी ने फोन पर उनसे कहा है कि वे 2 अप्रैल को अटारी बॉर्डर के रास्ते परिवार सहित भारत आ रहे हैं। वे अटारी बॉर्डर से 60 किमी दूर सरबजीत के पुश्तैनी गांव भिखीविंड भी जाएंगे।
मदद का भरोसा
दलवीर के मुताबिक बर्नी ने वादा किया है कि वे उनके पूरे परिवार को वीजा दिलाने में मदद करेंगे। उनके अनुसार, बर्नी ने उनसे सरबजीत को बेगुनाह साबित करने वाले सभी दस्तावेज भी तैयार रखने के लिए कहा है। कौर ने पाक यात्रा के मद्देनजर सरबजीत की पत्नी सुखप्रीत कौर, उनकी बेटियों स्वपनदीप व पूनम और खुद का पासपोर्ट पहले ही बनवा लिया है।
पैगाम के साथ
दलवीर ने कहा कि वे पाकिस्तान जाने से पहले अमृतसर जेल में बंद पाक कैदियों से मिलेंगी और उनसे पत्र लेकर पाक प्रशासन की मदद से उनके परिजनों तक पहुंचाएंगी।
बादल का आमंत्रण
बर्नी का कहना है कि वे पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के आमंत्रण पर भारत आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे सरबजीत के परिवार से मिलने के साथ ही भारतीय जेलों में बंद पाकिस्तानी कैदियों से मिलने और उनकी रिहाई की हरसंभव कोशिश करेंगे।