केपटाउन. दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज हर्शेल गिब्स को शुक्रवार अल सुबह शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में गिरफ्तार किए जाने की खबर है।
पुलिस प्रवक्ता अधीक्षक बिली जोंस ने कहा कि एक 34 वर्षीय व्यक्ति को सुबह 1.45 बजे केपटाउन के समुद्री किनारे के पास गिरफ्तार किया गया है लेकिन कोर्ट में पेश करने से पहले उस व्यक्ति का नाम नहीं बताया जा सकता।
एसएपीए समाचार एजेंसी और सरकारी एसएबीसी रेडियो ने इस व्यक्ति का नाम हर्शेल गिब्स बताया है जबकि जोंस ने पुष्टि की है इस व्यक्ति पर शराब पीकर तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने का आरोप है।
बताया जा रहा है कि गिब्स को 500 रेंड (62 डॉलर) की जमानत पर छोड़ दिया गया है और वे 27 जून को केपटाउन मजिस्ट्रेट के सामने पेश किए जाएंगे।