Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood मुंबई. फिल्म हॉर्न ओके प्लीज के सेट पर एक आइटम नंबर की शूटिंग के दौरान खड़ा हुआ विवाद नए मोड़ पर पहुंच गया है। बॉलीवुड की हॉट बेब तनुश्री दत्ता ने नाना पाटेकर पर सेट पर छेड़खानी करने का आरोप लगाया है। तनुश्री ने अपने आरोपों की चपेट में फिल्म के निर्माता, निर्देशक और नृत्य निर्देशक को भी लेते हुए कहा कि उन्होंने बीच-बचाव करने के बजाय साथ देने से मना किया।
एक वेबसाइट की रिपोर्ट के मुताबिक तनुश्री ने कहा, "सेट पर जब शूटिंग नहीं हो रही थी तब भी नाना हर बार मुझे हाथ लगाकर बात कर रहे थे। ऐसा करने पर मैंने फिल्म के निर्देशक राकेश सारंग से इसकी शिकायत की। मैंने साफ शब्दों में कहा था कि नाना से मुझे समस्या है। फिर भी निर्देशक ने कुछ किया ही नहीं है। मेरी कुछ सीमाएं हैं, लेकिन उन्होंने नाना से कुछ कहने की हिम्मत नहीं दिखाई।”
इस बारे में जब फिल्म निर्देशक राकेश सारंग से बात की गई तो उनका कहना था कि तनु ने साफ तौर पर किसी का नाम नहीं लिया था। राकेश ने कहा कि समझ में नहीं आ रहा था कि वे किसके बारे में बात कर रही थीं। अगर उन्हें नाना से समस्या थी तो फिर उनके बारे में बताना चाहिए था।
हालांकि तनुश्री ने साफ कहा कि उन्होंने नाना का नाम लिया था। उन्होंने पहले ही नाना का नाम क्यों नहीं लिया तो उनका का कहना था कि सीनियर होने की वजह वे इस बारे में कुछ भी बोलने से कतरा रही थी।
तनुश्री ने कहा कि इस बाबत बाद में उन्होंने निर्देशक और निर्माता दोनों से शिकायत की थी, लेकिन जब कुछ नहीं हुआ तभी उन्होंने अपने माता-पिता को सेट पर बुलाने का फैसला किया। मैंने साफ मना किया कि मैं नाना के हाथ लगाने को लेकर सहज महसूस नहीं कर रही हूं।
लगातार 5 घंटे तक मैकअप वेन में बैठी रहने के आरोप पर उनका कहना था कि यह सच नहीं है। दरअसल वह अपनी बात रखने के बाद जवाब का इंतजार कर रही थीं।
मालूम हो कि इस घटना के तुरन्त बाद फिल्म ‘हॉर्न ओके प्लीज’ से तनुश्री को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था। उनकी जगह इस आइटम गाने के लिए राखी सावंत को ले लिया गया।
तनुश्री पर नाना के साथ काम करने से इंकार करने और मीडिया के साथ भी बदतमीजी से पेश आने के आरोप लगे थे।
तनुश्री ने इस बारे में खुलकर सफाई देते हुए कहा, “मैं वहां अकेली थी जब हालात बिगड़े तो मैंने अपने माता-पिता को बुला लिया था। मेरे पिता ने किसी भी मीडियाकर्मी से कोई बदतमीजी नहीं की। कुछ लोग मेरे बॉडीगार्ड द्वारा बदतमीजी करने के आरोप लगा रहे हैं। यह पूरी तरह से गलत है क्योंकि उस समय मेरा कोई बॉडीगार्ड मौजूद नहीं था।”