भोपाल. मध्य प्रदेश में राज्यसभा के द्विवार्षिक निर्वाचन के लिए रिक्त हो रही तीन सीटों के लिए हुए निर्वाचन में सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी ने विजय हासिल की है।
मतगणना के बाद शुक्रवार शाम निर्वाचन अधिकारी और प्रमुख सचिव विधानसभा ए के पयासी ने भाजपा प्रत्याशी माया सिंह, प्रभात झा और रघुनंदन शर्मा को विजयी घोषित किया। राज्य विधानसभा में विधायकों की संख्या के मान से दो सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों की जीत तय थी, लेकिन एक सीट के लिए भाजपा का कांग्रेस समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी विवेक तन्खा से कांटे का मुकाबला था।
इस जीत के साथ ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारियों में जुटी भाजपा को संबल और नई ताकत मिली है।
मध्य प्रदेश से आगामी अप्रैल में राज्यसभा के तीन सदस्यों का कार्यकाल पूरा हो रहा हैं। इनमें कांग्रेस के सुरेश पचौरी और मोहम्मद ओबेदुल्ला आजमी तथा भाजपा की माया सिंह शामिल हैं।