News
International International इस्लामाबाद. धर्म को लेकर कट्टर माने जाने वाले देश पाकिस्तान में युवा पीढ़ी पुरानी मान्यताओं से बेपरवाह नशे में मशगूल है। पाक में लड़कियां भी सिगरेट के कश लगाने में पीछे नहीं हैं बल्कि पड़ोस के कई मुल्कों के कई शहरों से आगे हैं। एक सर्वे के मुताबिक पाक में लड़कियां टीनेज में ही सिगरेट के धुएं की गिरफ्त में आ जाती हैं और वह भी नादानी में नहीं बल्कि सारी बातें जानते-बूझते हुए।
यह सर्वे रिपोर्ट एक अंतरराष्ट्रीय जर्नल में छपी है। सर्वे में कराची की 644 लड़कियों को शामिल किया गया था। ये लड़कियां शहर की सरकारी और निजी स्कूलों की छात्रा हैं।
आगा खां यूनिवर्सिटी द्वारा कराए गए एक अध्ययन से पता चला है कि करीब 16 फीसदी लड़कियां 15 वर्ष की उम्र में ही सिगरेट का स्वाद लेना शुरू कर देती हैं। इस उम्र की छह फीसदी से ज्यादा लड़कियां महीने में एक बार धूम्रपान करती हैं। इन लड़कियों को धूम्रपान के खतरों के बारे में सब कुछ पता है। इसके बावजूद ये धुआं उड़ाती हैं। इनमें से ज्यादातर का कहना है कि वह अपने वजन को काबू में रखने के लिए सिगरेट पीती हैं।
सर्वे से पता चला कि यहां सिगरेट पीने वाली किशोर वय लड़कियों का प्रतिशत भारत सहित इंडोनेशिया, नेपाल और श्रीलंका के कई बड़े शहरों की तुलना में ज्यादा है। यह सर्वे पहले किए गए कई सर्वे के निष्कर्षो की भी पुष्टि करता है, जिनमें कहा गया था कि धूम्रपान करने वालों में महिला-पुरुष का भेद लगातार खत्म हो रहा है। यही वजह है कि तंबाकू उत्पाद बनाने वाली कंपनियां विकासशील देशों में महिलाओं को भी ग्राहक बनाने का प्रयास करने लगी हैं।