कोलकाता: रिजवानुर रेहमान के बहुचर्चित खुदकुशी मामले में हटाए गए कोलकाता पुलिस आयुक्त प्रसून मुखर्जी ने सीबीआई रिपोर्ट की कॉपी मांगी है। उन्होंने कलकत्ता हाईकोर्ट के समक्ष यह दावा किया कि उन्हें इसका हक है।
मुखर्जी के वकील एस.पॉल ने आज उनकी तरफ से जस्टिस दिपांकर दत्ता के समक्ष प्रस्तुत आवेदन में कहा कि उनके मुवक्किल को इस रिपोर्ट में क्या है यह जानने का हक है। इसके बाद ही वे इस मामले में अपना पक्ष तैयार करेंगे।
मुखर्जी ने कहा कि इस मामले में रिजावनुर के भाई रुकबानूर के द्वारा दायर याचिका से उनका कैरियर खतरे में पड़ गया है। इस में मुखर्जी पर उसने धमकाने का आरोप लगाया था।
उन्होंने यह भी कहा कि रिजवानुर की लाश मिलने के कुछ दिन बाद बतौर पुलिस आयुक्त उनके बयान को भी मीडिया ने तोड़ मरोड़कर पेश किया।