जयपुर. प्रदेश में तेज गर्मी के साथ धूलभरी आंधियों ने लोगों को परेशान कर दिया है। शुक्रवार को अधिकतर इलाकों में दिनभर हवा के वेग पर सवार धूल बरसती रही। अलवर में तेज अंधड़ के साथ बूंदाबांदी हुई। बाड़मेर इलाका तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पार होने से भयंकर गर्मी की चेपट में है। राजधानी जयपुर दूसरे दिन भी धूलभरी हवाओं की चपेट में रही।
अलवर, सीकर, चूरू, झुंझुनूं, अजमेर, बीकानेर, श्रीगंगानगर आदि क्षेत्रों में भी आंधियों ने लोगों की दिनचर्या बिगाड़ कर रख दी। अलवर में धूल के गुबार ने यातायात व्यवस्था को ही चौपट कर दिया। इससे पहले दोपहर दो बजे बादलों की गर्जना से शहर में हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन गर्मी से छुटकारा नहीं मिला।
शेखावाटी क्षेत्र भी धूलभरी हवाओं की आगोश में रहा। चूरू में अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोटा में शुक्रवार को दिनभर गर्मी के तेवर तीखे रहे। यहां न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी हुई। अजमेर में दिन भर धूल भरी हवाओं से जनजीवन प्रभावित रहा। बाड़मेर में शुक्रवार को भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग का आकलन : जम्मू कश्मीर व उसके निकटतम इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। इससे पाक के मध्य क्षेत्र में तथा राजस्थान के उत्तरी व पश्चिमी इलाकों में हवा का निम्न दबाव बना हुआ है। इस वजह से बादलों की आवाजाही के साथ धूलभरी आंधी चल रही है।