बीकानेर.
संगीत के क्षेत्र में मायानगरी में बीकानेर की जड़ें लगातार गहरी होती जा रही है। संदीप आचार्य, राजा हसन, समीर मोहम्मद के बाद अब शहजाद अली ने चैनल ९ एक्स के ‘चक दे बच्चे’ कार्यक्रम में अपनी प्रतिभा का हुनर दिखाया है।
इंडियन ऑयडल संदीप आचार्य, सारेगामापा के रनर-अप राजा हसन,सारेगामापा लिटल चैंप के सैकंड रनर-अप समीर मोहम्मद के बाद अब बीकानेर के 14 वर्षीय शहजाद अली ने ९-एक्स चैनल के ‘चक दे बच्चे’ कार्यक्रम में सेलेक्ट होकर बीकानेर को एक और गौरव प्रदान किया है। इस कार्यक्रम में राजस्थान के चार प्रतिभाएं सेलेक्ट हुई हैं जिसमें शहजाद शामिल है।
कार्यक्रम 28 मार्च से शुरू हो गया है। सामान्य परिवार का शहजाद पहले अपने पिता शबीर के साथ बैंड में गाता था लेकिन उसकी प्रतिभा अब चैनल तक पहुंच गई। इसी कारण उसका सेलेक्शन हुआ है। मीठे स्वर के सम्राट शहजाद को एसएमएस कर आगे बढ़ाने की जिम्मेवारी फिर शहर और प्रदेशवासियों पर आ गई है।
जानकारी के मुताबिक शहजाद ने सारेगामा लिटिल चैंप में भी अपनी किस्तम आजमाई थी लेकिन किसी कारणवश उसका सेलेक्शन नहीं हो सका था। हालांकि जीटीवी के कार्यक्रम में उसे एक बार दिखाया गया था। टैलेट हंट प्रोग्राम में शहजाद समीर की तरह ही आगे बढ़ना चाहता है।