अजमेर.
शास्त्रीनगर इलाके में पीडब्ल्यूडी के रिटायर्ड इंजीनियर की बीवी को घर में ही बंधक बनाकर रखने का मामला सामने आया है। इलाके के लोगों की सूचना पर शुक्रवार को पुलिस ने महिला को मुक्त कराया। प्रारम्भिक जांच में पुलिस ने महिला को मानसिक रूप से असामान्य माना है। महिला ने पति व बेटे पर उसे पागल करने का आरोप लगाया है।
क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस के अनुसार पीडब्ल्यूडी के रिटायर्ड इंजीनियर लियाकत हुसैन की पत्नी नगीना (62) को उसके परिजन द्वारा मकान में बंधक बनाकर रखने की सूचना मिली थी। शुक्रवार को एसआइ शमशेर अली के नेतृत्व में दल वहां पहुंचा। नगीना के कमरे के बाहर ताला लगा हुआ था। पुलिस ने ताला खोल कर उससे बातचीत की।
डर है मारने का
नगीना ने बताया कि पति लियाकत हुसैन नौकरी से सेवानिवृत्त होने के बाद बिजनेस में व्यस्त है। ज्यादातर समय घर से बाहर रहते हैं। बेटा बॉबी जयपुर में है, जबकि बेटी भी जयपुर स्थित ससुराल में रहती है। पति लियाकत दोस्तों के साथ मकान में पार्टियां करते हैंै। उसने विरोध किया, तो पति और बेटे ने उसे पागल करार दे दिया। मकान में अकेले रहने के दौरान उसे डर रहता है कि पति और उसका बेटा उसे जान से मार देंगे। इस कारण वह मकान में बंद रहती है।
अकेलेपन की टीस
नगीना ने बताया कि सूने मकान में वह अकेली चौबीस घंटे इधर-उधर घूमती रहती है। लोगों से खिड़की में से ही बातचीत कर पाती है। नगीना ने पति व बेटे पर सम्पत्ति हड़पने के लिए साजिश रचने का आरोप लगाया है। एलएलबी डिग्रीधारी नगीना का कहना है कि वह घरवालों की उपेक्षा से टूट चुकी है।
अंधेरे कमरे थी कैद
नगीना ने बताया कि उसे करीब ढाई महीने से एक कमरे में कैद कर रखा था। घरवालों ने कमरे से बिजली का कनेक्शन भी हटा दिया था, जिससे उसे अंधेरे में रहना पड़ रहा था, जबकि लियाकत का पूरा मकान रोशनी में नहाया हुआ है और उस एक कमरे के अलावा सभी कमरों एसी है। साथ ही नगीना ने बताया कि वे लोग उसे डराने के लिए गैस सिलेंडर की नली भी कई बार उसके कमरे में छोड़ देते थे।
लोगों की सूचना पर कमरे का ताला खोलकर पीड़िता को मुक्त कराया है, मामला पारिवारिक है। शिकायत के अभाव में फिलहाल मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। तफ्तीश की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ की जाएगी।
-राजेन्द्र त्यागी, क्रिश्चियन गंज थाना प्रभारी
मामले में नगीना के बेटे बॉबी से पूछताछ की गई। उसने बताया कि मां का मानसिक रोग का इलाज चल रहा है। उसकी दिमागी हालत असामान्य है। अकेले मकान में रहने के दौरान वह कमरों में भीतर से ताले लगा लेती है।
-शमशेर अली, सब इंस्पेक्टर