जोधपुर/बाड़मेर.
जोधपुर व बाड़मेर जिले में शुक्रवार दोपहर भूकंप के झटके महसूस किए गए। इससे लोगों में हड़कंप मंच गया और घबराए लोग घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। हालांकि किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर जोधपुर में 3 और बाड़मेर में 4 आंकी गई है।
भूकंप का केंद्र बाड़मेर जिले का सीमावर्ती इलाका था। भू-वैज्ञानिक पहली बार आए दक्षिण-पश्चिम से उत्तर-पूर्व की दिशा में आए इस भूकंप से चकित हैं। जोधपुर शहर में दोपहर करीब 12 बजकर दोपहर 32 मिनट पर भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। जमीन के साथ ही अचानक घर के दरवाजे और खिड़कियां हिलती देख घबराकर लोग बाहर आ गए। भू वैज्ञानिकों के अनुसार भूकंप का केंद्र बाड़मेर जिले के सीमावर्ती कस्बे धोरीमन्ना व चौहटन के बीच था।
बाड़मेर में तेज झटके
बाड़मेर शहर के अलावा सीमावर्ती चौहटन, बाखासर, धनाऊ व गडरारोड कस्बे में भी आज दोपहर भूकंप के झटके कुछ तेज महसूस किए गए। भूकंप का आभास होते ही लोग बदहवासी में अपने घरों व कार्यालयों से बाहर निकल आए।
ऑयल क्षेत्र सक्रिय हुआ
जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय में भू-विज्ञान के पूर्व विभागाध्यक्ष बी.एस. पालीवाल के अनुसार अरावली पर्वतमाला के पश्चिमी हिस्से में दबाव पड़ने से निचली परत के खिसकने से उसके आस पास क्षेत्र में उत्तर से दक्षिण क्षेत्र में भूकंप के झटके महसूस किए जाते थे। सीमावर्ती क्षेत्र में भूकंप का केंद्र होने से पहली बार बाड़मेर से जोधपुर के बीच दक्षिण पश्चिम से उत्तर पूर्व की ओर झटके महसूस किए गए हैं।
इससे संकेत मिलता है कि सांचौर -बाड़मेर ग्रेबन का तेल क्षेत्र के निचले हिस्से में फाल्ट सक्रिय हो गया है। इससे आने वाले समय में सांचौर,बाड़मेर,जैसलमेर से लेकर जोधपुर और मुंबई हाई तक बड़े भूकंप के झटके आने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
परीक्षा छोड़ विद्यार्थी बाहर भागे
जिस समय भूकंप के झटके लगे उस समय महाविद्यालय व स्कूलों में परीक्षाएं चल रहीं थीं। जमीन हिलने का आभास होते ही विद्यार्थी व शिक्षक परीक्षा कक्ष से बाहर आ गए और सुरक्षित व खुले स्थान पर पहुंच गए। विद्यालयों के छात्र भागकर मैदानों में एकत्रित हो गए। गडरारोड कस्बे में भूकंप के झटके आने पर काफी संख्या में लोग खुले मैदान में एकत्रित हो गए। इसी तरह खलीफा की बावड़ी गांव में मस्जिद में नमाज अदा करते समय लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए।
बाड़मेर शहर में मेघवालों की खागली में रहने वाली दुर्गावती सोनी,नरेश सोनी व अबरार मोहम्मद ने भूकंप के झटके महसूस होने की बात कही। खलीफा की बावड़ी निवासी आरबखान ने बताया कि दोपहर 12.30 बजे के आसपास भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसी तरह धनाऊ के मांगीलाल व कुचटाराम ने बताया कि उन्हें धरती हिलती हुई सी महसूस हुई।
पाकिस्तान में भूकंप पर अध्ययन
जोधपुर दौरे पर आए पाकिस्तान की पेशावर की एनडब्ल्यूएफपी यूनिवर्सिटी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के कुलपति प्रो. सैय्यद इम्तियाज हुसैन गिलानी ने बताया कि उनकी यूनिवर्सिटी ने हाल ही में लगभग ५क् करोड़ की लागत से भूकंप पर अध्ययन के लिए प्रोजेक्ट शुरू किया है। इस प्रोजेक्ट के तहत पाकिस्तान के विद्यार्थी भूकंप के कारणों पर शोध कर सकेंगे। उनका कहना था कि इंडो-पाक एजूकेशन कमीशन के बैनर तले भारतीय विद्यार्थी भी इस प्रोजेक्ट का लाभ उठा सकते हैं।
वर्जन
सीमावर्ती इलाकों में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए हैं। इससे किसी तरह के जान माल के नुकसान की खबर नहीं है।
-बिपिन कुमार पांडेय एसपी बाड़मेर