भोपाल. मौसम में बदलाव के साथ ही एक बार फिर राजधानी के तापमान में उछाल आना शुरू हो गया है। पिछले दो दिनों से धीरे-धीरे तापमान ऊपर जा रहा है। शुक्रवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से तीन डिग्री ज्यादा था। हालांकि रात का तापमान पिछले कुछ दिनों से स्थिर है। यह 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
शुक्रवार को शहर में तीखी धूप चमकती रही। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक तीन-चार दिन बाद पारे में और उछाल आएगा। फिलहाल प्रदेश के अधिकतर शहरों का तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास चल रहा है। दिनोदिन बढ़ रही गर्मी का असर लोगों की दिनचर्या भी नजर आने लगा है। जगह-जगह कैप और चश्मे की दुकानें लग गई हैं।
शुक्रवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान 39 डिग्री सेल्सियस खंडवा, उज्जैन और नौगांव में दर्ज किया गया। शनिवार को भोपाल का अधिकतम 38 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।