मुम्बई. मुम्बई में मनसे द्वारा शुरु किया गया उत्तर भारतीय विरोधी अभियान थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। एक के बाद एक हो रही घटनाओं से उत्तरभारतीय समुदाय में डर व्याप्त है। आज सुबह ऐसी ही घटना में एक बार फिर गरीब उत्तरभारतीय टैक्सीवालों को निशाना बनाया गया।
इस घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि आज सुबह सेन्ट्रल मुंबई के वरली इलाके में चार मोटरसाइकिल सवारों ने वरली इलाके में 3 टैक्सी वालों को रोककर पूछा कि वे कहां के रहने वाले है? जब टैक्सीवालों ने बताया कि वे उत्तरभारत के हैं तो यह सुनते ही उन लोगों ने टैक्सी की खिड़कियां तोड़नी शुरु कर दी। बाद में वे लोअर परेल इलाके में गए और 2 अन्य टैक्सियां तोड़ी। ये टैक्सियां भी उत्तरभारतीयों की थी।
पुलिस ने बताया कि इस घटना की खबर मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि अभी इस बात का पता नहीं चलपाया कि गिरफ्तार लोग राज ठाकरे की पार्टी मनसे से हैं या नहीं। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान आशिष परब, प्रवीण पवासकर, समीर मोरे और मनीष शेल्कर के रुप में की गई हैं।