HomeNewsMetrosIndore Indore

पूछताछ के लिए किला बना एपीटीसी होस्टल

इंदौर. गुरुवार तड़के श्यामनगर से गिरफ्तार स्टूडेंट इस्लामिक मुवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) को 13 आतंकवादियों को शुक्रवार रात इंदौर लाकर पूछताछ शुरू की गई। उन्हें हथियारबंद जवानों की सुरक्षा में सश पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (एपीटीसी) के बॉयज होस्टल में रखा गया है।

इस परिसर को किले में तब्दील कर दिया गया है। होस्टल की घेराबंदी कर इलाके में आम लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है। पूछताछ करने वाली टीम की कमान आईबी के वरिष्ठ अधिकारी के.बी. जार्ज ने संभाल रखी है। मध्यप्रदेश के एडीजी इंटेलीजेंस सुरेंद्रसिंह भी देर रात इंदौर पहुंच गए थे। केरल व कर्नाटक पुलिस के दल भी आ चुके हैं। चार और राज्यों की टीम शनिवार को आने वाली है।

धार के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी द्वारा 11 अप्रैल तक पुलिस रिमांड दिए जाने के बाद सफदर नागौरी सहित सभी आतंकियों को कड़े पुलिस बंदोबस्त के बीच पहले पीथमपुर ले जाया गया। वहां कुछ देर पूछताछ के बाद धार के एडीशनल एसपी वीरेंद्रसिंह की अगुवाई में उन्हें एपीटीसी के बॉयज होस्टल, एरोड्रम रोड लाया गया। इस स्थान का चयन मुकम्मिल पुलिस बंदोबस्त के कारण किया गया है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस रिमांड अवधि में इनसे यहीं पूछताछ होगी।

होस्टल के चारों तरफ बैरिकेडिंग करने के साथ एयरपोर्ट रोड तथा वीआईपी मार्ग से महावीर बाग तथा अग्रसेननगर के रास्तों पर भी बैरिकेड्स लगाए हैं। इस रास्ते से दोनों कॉलोनियों के निवासियों को ही आने-जाने की इजाजत है, उन्हें भी रजिस्टर में इंट्री करना होगी। एपीटीसी परिसर में भी सभी की आवाजाही रोक दी गई है।

डीआईजी वी. मधुकुमार और एसपी अंशुमान यादव ने आंतकियों के आने के पहले तथा बाद दौरा कर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। व्यवस्थाओं की कमान एसटीएफ के साथ डीएसपी क्राइम राजेश व्यास की टीम ने संभाल रखी है।

कई बड़ी आतंकी घटनाओं की पूछताछ
सफदर व साथियों से पूछताछ कर रहे आईबी के दल की कमान वरिष्ठ अफसर के.बी. जार्ज ने संभाल रखी है। इंदौर के आईजी अनिल कुमार, डीआईजी व एसपी भी मदद कर रहे हैं। आईबी टीम ने समझौता एक्सप्रेस ब्लास्ट, मुंबई, हैदराबाद तथा मालेगांव ब्लास्ट में इनकी भूमिका को पूछताछ का आधार बनाया है। समझौता तथा मालेगांव ब्लास्ट में सफदर की लिप्तता की लगभग तय मानी जा रही है।

देर रात मिली जानकारी के मुताबिक आईबी की टीम आतंकियों से कुछ खास नहीं उगलवा पाई है। काफी मशक्कत के बाद भी कोई मुंह खोलने को तैयार नहीं है। पूछताछ के लिए केरल तथा कर्नाटक पुलिस की टीम आ चुकी है और उत्तरप्रदेश, हरियाणा, आंध्रप्रदेश तथा महाराष्ट्र की टीम शनिवार सुबह आएगी।

एक पल भी चूक होती तो..
आईबी की सूचना पर पुलिस टीम ने गुरूवार तड़के श्यामनगर में गफ्फार बेकरीवाले के मकान पर दबिश देना और दरवाजा तोड़ना युद्ध के मोर्चे पर जाने जैसा था। किसी भी पक्ष से एक पल की देरी जानलेवा हो सकती थी। वहां तीन-चार आतंकी छिपे होने की सूचना थी। पुलिस दल को निर्देश थे किसी भी हालत में सफदर को हासिल करना है। यह भी तय हुआ था कि सफदर व साथी कोई गड़बड़ करे तो गोली से उड़ा दें।

अंदर घुसने के बाद सफदर से पुलिस का सामना हुआ तो उसके भागने की आशंका के चलते अफसरों ने सबसे पहले उसकी कनपटी पर रिवाल्वर रखी। सफदर को लगा एनकाउंटर किया जा सकता है तो वह बोला मैं शहादत देना चाहता हूं। मुझे कलमा भर पढ़ने दें। फिर जो मन में आए करें। वहां 13 आतंकी मिल गए तो पुलिस की बांछे खिल गई।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: