News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior शिवपुरी. सिद्धेश्वर बाणगंगा मेले में मनोरंजक कार्यक्रमों की कमी को पूरा करने के लिए नगरपालिका मनोरंजक कार्यक्रमों की श्रंखला शुरू करने जा रही है। जिसके तहत अभा कवि सम्मेलन, मुशायरा, कब्बाली, आर्केस्ट्रा, बुन्देलखण्डी नृत्य और राई नृत्य होने जा रहे हैं। इनमें लोक और राई नृत्य सबसे अधिक मनोरंजक और आकर्षण का केन्द्र होंगे।
बताया गया है कि इस मेले में सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम 30 मार्च से श्रीरामचरित मानस सम्मेलन के साथ शुरू होंगे, लेकिन मनोरंजक कार्यक्रमों की धूम अगले माह अप्रैल में देखने को मिलेगी। सभी कार्यक्रमों की तिथियां निर्धारित हो चुकी हैं। नपा के राजस्व अधिकारी और मेला प्रभारी सुरेश जैन के अनुसार 30 और 31 मार्च को मेला रंगमंच पर रामचरित मानस की चौपाईयां गूंजेगीं।
दो अप्रैल को अखिल भारतीय मुशायरा होगा और चार अप्रैल को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन रखा गया है। श्री जैन के अनुसार मुशायरे के लिए शायर अशोक साहिल मुजफ्फरनगर, शायरा श्रीमती श्यामा सबा रायबरेली, नदीम फारूख गंजडूडवारा, नदीम अख्तर बुरानपुर सहित प्रख्यात शाहर अजम शाकिरी गंजडूडवारा, शायरा राना जेबा ग्वालियर, अख्तर कानापुरी, अयूब काजी श्योपुर, सुकून शिवपुरी, याकूब साबिर, मुवीन अहमद की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।
इसी प्रकार चार अप्रैल को होने वाले कवि सम्मेलन में जाने-माने कवि अरुण जैमिनी दिल्ली, जगदीश सोलंकी कोटा राजस्थान, रामेन्द्र त्रिपाठी आगरा, कवियत्री कीर्ति काले दिल्ली, शबाना शबनम उज्जैन सहित वीर रस के कवि हीरालाल सुमन हाथरस, सतेन्द्र सिंह सेंगर रीवा, अमित चितवन ग्वालियर की स्वीकृति मिल चुकी है। इसके बाद सात अप्रैल को कब्बाली का मुकाबला होगा और इसमें भी जाने-माने कब्बाल अशोक जख्मी सहित अन्य कब्बाल और कब्बाला भाग लेने आ रहे हैं।
इसी श्रंखला में आठ अप्रैल को द्वारिका एण्ड पार्टी के कलाकार लोक और राई नृत्यों से मेला रंगमंच पर धूम मचाएंगे। नाच-गानों से परिपूर्ण ऐसा ही एक और कार्यक्रम 15 अप्रैल को होने जा रहा है, जिसमें आर्केस्ट्रा पार्टी द्वारा कार्यक्रम पेश किया जाएगा। नगरपालिका अध्यक्ष जगमोहन सिंह सेंगर, उपाध्यक्ष पदम चौकसे, सीएमओ एनके गुप्ता और पार्षदों ने लोगों से मेला रंगमंच पर होने वाले सभी मनोरंजक कार्यक्रमों का लुत्फ उठाने की अपील की है।