News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. रेल पटरियों को मजबूती देने वाली मशीन ने शुक्रवार की शाम रेल पटरी को तोड़ दिया। यह घटना बिरलानगर स्टेशन के पास हुई। रेल पटरी टूटने से आगरा कैंट की ओर से आ रही सवारी व मालगाड़ियां सवा घंटे तक पिछले स्टेशनों पर खड़ी रहीं।
जानकारी के मुताबिक इंजीनियरिंग विभाग ने बिरलानगर-ग्वालियर के बीच रेल पटरी को मजबूती प्रदान करने के लिए रेलवे बोर्ड से 16 बजे तक का ब्लॉक लिया था। जब टीटी मशीन से काम शुरू हुआ तो कुछ देर बाद ही बिरलानगर स्टेशन के पास रेल पटरी टूट गई।
उसके टूटते ही मौके पर मौजूद रेल कर्मचारी घबरा गए। इसकी सूचना बिरलानगर स्टेशन को दी गई। सूचना के बाद आगरा कैंट की ओर से आ रही झेलम व केरला एक्सप्रेस को रायरू स्टेशन पर रोका गया।
इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और टूटी रेल पटरी को ठीक कराने का काम शुरू किया गया। कुछ देर बाद पटरी को अस्थायी रूप से ठीक कर दिया गया। उसके बाद रायरू स्टेशन पर खड़ी केरला व झेलम एक्सप्रेस को सतर्कता आदेश देकर ग्वालियर के लिए चलाया गया। रेल पटरी टूटने से रेलवे की सिग्नल प्रणाली भी प्रभावित हो गई।
सिग्नल एंड टेलीकॉम विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर उसे सुधारा। इन ट्रेनों के निकलने के बाद आगरा की ओर से आने वाली सभी ट्रेनों को देर शाम तक सतर्कता आदेश पर तब तक चलाया गया, जब तक रेल पटरी मजबूत नहीं हो गई। ट्रेनों के लेट होने से प्लेटफार्म पर खड़े यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।