HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

स्टेट टाइम के तालाबों का जीर्णोद्धार किया जाए

ग्वालियर. सांसद यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा है कि स्टेट टाइम के तालाबों के जीर्णोद्धार की कार्ययोजना तैयार की जाए जिससे भविष्य में सिंचाई व निस्तार की जरूरतें पूरी हो सकें। उन्होंने जिले के बिजलीविहीन गांवों को रोशन करने का प्रस्ताव तैयार कराने के निर्देश कलेक्टर को दिए।

वे, राज्य स्वास्थ्य संस्थान में जिला सतर्कता व निगरानी समिति की त्रैमासिक बैठक को संबोधित कर रहीं थीं। सांसद ने कहा कि माधौ महाराज ने हर पंचायत में दो-दो तालाबों का निर्माण कराया था,उनमें अनेक तालाब समाप्त हो गए या उन पर अतिक्रमण कर लिया गया है। स्टेट टाइम के तालाबों का सर्वे कर उन्हें सूचीबद्ध किया जाए और उनके जीर्णोद्धार की कार्ययोजना तैयार की जाए। पुराने तालाबों को नया जीवन मिलने से सिंचाई व निस्तार की जरूरतें पूरी हो सकेंगी।

सांसद ने बीपीएल सूची का जिक्र करते हुए कहा कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान लोगों की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं कि उनके नाम गरीबी रेखा की सूची में नहीं जोड़े गए हैं। इस मामले में जिला प्रशासन व जिला पंचायत पूरी गंभीरता बरते। जो लोग गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन कर रहे हैं उनके नाम पात्रता के आधार पर बीपीएल सूची में जोड़े जाएं ताकि वे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ले सकें।

उन्होंने इंदिरा आवास योजना के लक्ष्य को कम बताते हुए सीईओ जिला पंचायत से कहा कि वे आबादी के मान से इंदिरा आवासों का लक्ष्य बढ़ाने की मांग का उल्लेख करते हुए एक प्रस्ताव उन्हें प्रस्तुत करें जिससे यह मुद्दा लोकसभा में उठाया जा सके।

सांसद ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा व्यक्त की जो काम केन्द्र सरकार के बजट से संपन्न होने हैं उनके संबंध में उन्हें जानकारी दी जाए जिससे वे दिल्ली में पहल कर योजनाओं के क्रियान्वयन को गति प्रदान करा सकें। उन्होंने ताकीद की इस संबंध में जिला पंचायत में पृथक से एक सेल का गठन किया जाए जिसमें केन्द्र सरकार की योजनाओं की जानकारी का ब्यौरा अपडेट रहे।

सांसद यशोधरा राजे ने बैठक में निर्देश दिए कि योजनाओं की मानीटरिंग से संबंधित इस महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन तीन महीने में नहीं बल्कि प्रत्येक माह होना चाहिए जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक तस्वीर सामने आ सके।

उन्होंने समिति की आगामी बैठक 26 अप्रैल को सुबह10.30 बजे आहूत करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की बैठक चार अप्रैल को बुलायी जाए। पीएमजीएसवाय के कार्र्यो की समीक्षा सेपरेट की जाएगी।

पशु क्या चारे का इंतजार करें ?
सांसद यशोधरा राजे ने सीईओ जिला पंचायत विनोद शर्मा को तलब करते हुए सवाल किया कि पशुओं के लिए चारा का इंतजाम करने के लिए उन्होंने दो माह पहले पत्र लिखा था उस संबंध में क्या कार्रवाई हुई है?

सीईओ ने कहा कि पशु चारे की जरूरत तो माह अप्रैल, मई व जून में पड़़ेगी फिर भी पशु चिकित्सा विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। निर्देश शब्द सुनते ही सांसद ने पूछा कि निर्देश का मतलब क्या है ? पशु क्या तीन महीने तक चारे का इंतजार करेंगे ?

सांसद व सीईओ के संवाद को गरम होने से बचाते हुए कलेक्टर राकेश श्रीवास्तव ने सांसद को अवगत कराया कि सूखा राहत कार्य के लिए पशु चिकित्सा विभाग को संचालनालय से अभी तक मांगा हुआ बजट प्राप्त नहीं हुआ है। इस पर सांसद ने कहा कि बजट की मांग का एक स्मरण पत्र संचालनालय पशु चिकित्सा विभाग को भेजा जाए उसकी एक प्रति उन्हें भी उपलब्ध कराई जाए जिससे वे शासन से इस संबंध में पहल कर सकें।

बिजलीविहीन गांवों का प्रस्ताव तैयार करें
बेहट की सरपंच गीता-वीरेन्द्र गुर्जर की शिकायत पर सांसद यशोधरा राजे ने विद्युत विभाग के कार्यपालन यंत्री से पूछा कि जिले के कितने गांव बिजलीविहीन हैं । सांसद को अवगत कराया गया कि 32 गांवों में बिजली नहीं है।

इस पर सांसद ने कलेक्टर को निर्देश दिए कि इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर उन्हें सौंपा जाए जिससे वे इस संबंध में शासन स्तर पर आवश्यक पहल कर सकें। सांसद ने ग्रामीण अंचल में बिजली की निर्धारित आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। सांसद श्रीमती राजे ने जल ग्रहण क्षेत्र प्रबंधन मिशन की कमजोर प्रगति पर असंतोष व्यक्त किया।

प्रगति नहीं बताई,बजट का जिक्र किया
जिला सतर्कता व निगरानी समिति की बैठक में सीईओ जिला पंचायत ने समग्र स्वच्छता अभियान की जानकारी प्रस्तुत करने के दौरान सांसद को यह तो बताया कि अभियान में जिले के ग्रामीण अंचल में 132116 टायलेट बनाने का लक्ष्य मिला था लेकिन यह नहीं बताया कि अब तक मात्र 35326 टायलेट ही बनाए जा सके हैं। सीईओ ने अपूर्ण जानकारी के बीच यह जरूर कहा कि योजना में सिर्फ छह लाख रूपए का बजट शेष है। अभियान की तीसरी किस्त केन्द्र सरकार से रिलीज होना लंबित है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: