News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. पानी संकट के मद्देनजर कलेक्टर राकेश श्रीवास्तव द्वारा भवन निर्माण पर रोक लगाने के बाद अब निगम आयुक्त डा. पवन शर्मा ने शहरी क्षेत्र में भवन निर्माण अनुज्ञा जारी करने पर रोक लगा दी है। दूसरी तरफ ग्वालियर भवन निर्माण ठेकेदार मजदूर संगठन ने इस पर आपत्ति दर्ज कराते हुए 30 मार्च को दोपहर 12 बजे फूलबाग स्थित गांधी उद्यान में बैठक आयोजित की है।
निगम आयुक्त द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि महानगर में पानी संकट के कारण कलेक्टर ने निर्माण कार्यो पर आगामी आदेश तक रोक लगाई है। इसी आदेश के पालन में अब किसी भी प्रकार के भवन निर्माण अनुज्ञा पत्र जारी नहीं किए जा सकेंगे। आयुक्त ने सभी भवन अधिकारी, सहायक यंत्री व उपयंत्रियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में भवन निर्माण न होने देना सुनिश्चित करें। आयुक्त के अनुसार इस आदेश का पालन तत्काल सुनिश्चित करें।
उधर ग्वालियर भवन निर्माण ठेकेदार, मजदूर संगठन के अध्यक्ष गोकुल केबरे व सचिव श्री कुमार बहरानी ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा कि निर्माण कार्यो पर प्रतिबंध के बाद गरीब मजदूरों के सामने रोजी रोटी का संकट पैदा हो गया है। इसी मुद्दे पर आज एक बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में मजदूर वर्ग को हो रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
दोनों पदाधिकारियों के अनुसार 30 मार्च रविवार को दोपहर 12 बजे फूलबाग स्थित गांधी उद्यान में भी बैठक होगी। इसमें भवन निर्माण से जुड़े श्रमिक व ठेकेदार शामिल होंगे और भविष्य की दिशा तय करेंगे। आज हुई बैठक में उपाध्यक्ष तेज सिंह कुशवाह, रवि कुशवाह, गिर्राजसिंह राजपूत, रामकिशन बौद्ध, अजीज खान, हरदास, पप्पू वर्मा, चौके लाल किशन ठेकेदार उपस्थित थे।