News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. महापौर सुनील सोनी ने शहर विकास को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम का बजट पेश किया। नगर निगम ने कोई नया कर नहीं लगाया है। इसमें योजनाओं की लंबी फेहरिस्त के साथ शहर को सुंदर बनाने का वादा किया गया है। रमन सरकार की तर्ज पर नगर निगम ने भी बजट में गरीबों का राग अलापा है। पिछले बजट से करीब 170 करोड़ रुपए अधिक का प्रावधान नए वित्तीय वर्ष के लिए किया गया है।
महापौर ने दावा किया कि पिछले बजट में की गई घोषणाओं में से 70 फीसदी काम पूरे हो चुके हैं। उन्होंने भैंसथान की जमीन पर शापिंग माल के लिए 61 करोड़ रुपए मिलने को नगर निगम की बड़ी उपलब्धि माना है। खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने इंडोर, आउटडोर स्टेडियम और पुलिस परेड ग्राउंड में स्केटिंग ट्रैक का निर्माण पूरा करने वादा किया।
बजट में बड़े नालों के निर्माण के लिए 22 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने एक करोड़ 20 लाख की लागत से रोड स्वीपिंग मशीन खरीदी जाएगी। अन्य वाहनों के लिए भी अलग-अलग राशि का प्रावधान किया गया है। आइडीएसएमटी योजना के तहत अग्रसेन चौक के पास व्यवसायिक परिसर, कंकाली अस्पताल का जीर्णोद्धार, गांधी चौक में कांजी हाउस की जगह पर व्यवसायिक परिसर और एक सामुदायिक भवन निर्माण की योजना है।
महापौर ने बताया कि 26 गांवों में विकास के लिए पिछले तीन सालों में 26 करोड़ के काम हुए। उन गांवों के लिए रोड और नाली के लिए 6 करोड़ व बिजली खंभों के लिए 5 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। गुढ़ियारी अग्निशमन केंद्र का प्रावधान बजट में फिर किया गया है। वहां कर्मचारियों की नियुक्ति जल्द करने का वादा किया गया है। नगर निगम में काम कर रहे कर्मचारियों को 20 साल बाद पहली बार पदोन्नति के अवसर मिलेंगे।
सभी श्रेणी के कर्मचारियों को पात्रता के अनुरूप पदोन्नति मिलेगी। सेटअप एप्रूव हो गया है। कर्मचारियों की कमी दूर करने के लिए नई नियुक्तियां की जाएंगी। बुजुर्र्गो की सुविधा के लिए सियान क्लब बनाने का ऐलान किया गया है। सिटी बस विहीन मार्र्गो पर आटो रिक्शा और रिक्शा स्टेंड बनाने की योजना प्रस्तुत की गई है।
कांग्रेसियों ने पूछा पिछले वादों का हाल
महापौर के बजट अभिभाषण के दौरान विपक्षी पार्षदों की टोकाटाकी चलती रही। कांग्रसी पार्षदों ने कार्यवाहक नेताप्रतिपक्ष आनंद कुकरेजा के नेतृत्व में निगम की योजनाओं पर करारे प्रहार किए। सदन की कार्रवाई शुरू होने के 15 मिनट बाद कई कांग्रेसी पार्षद नारे लिखे टी शर्ट पहनकर सदन में आए।
श्री कुकरेजा ने बजट को चुनावी बताते हुए जानना चाहा कि सड़कों के अधूरे चौड़ीकरण, आउटडोर-इंडोर स्टेडियम, यातायात सुधार को लागू करने की योजना का क्या हुआ? पांच तालाबों को जोड़ने की योजना, शहर में फैली गंदगी मच्छर और धूल का बजट भाषण में कोई जिक्र नहीें करने पर महापौर की खिंचाई की।
कांग्रेस पाषर्द दल के प्रवक्ता प्रमोद दुबे ने महापौर पर पिछले तीन साल से घर में बैठकर निगम चलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि महापौर किसी से मिलते नहीं हैं। पार्षदों पर पथराव हो रहा है। श्री दुबे ने शहर में 2 हजार अवैध हर्ो्िडग्स होने का आरोप लगाते हुए कहा कि महापौर के नारे एक पेड़ काटो और दो हर्ो्िडग लगाओ का विज्ञापन एजेंसियों ने खूब फायदा उठाया है।
कांग्रेस पार्षद दल के सचेतक राधेश्याम विभार ने दैनिक भास्कर में छपी खबर की कटिंग लहराकर सदन से जानना चाहा कि ऐसी कंपनी जो मकान बनाने के लिए ठेका नहीं दे पा रही है उससे काम वापस क्यों नहीं लिया जा रहा। श्री कुमार मेनन ने अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले शहर के खिलाड़ियों को 21 हजार का इनाम देना शर्मनाक बताया। इस रकम से खिलाड़ी में हीन भावना आएगी।