नई दिल्ली. पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडीस ने दावा किया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार में गृह मंत्री रहे लाल कृष्ण आडवाणी को पता था कि कंधार में अपहृत हुए भारतीय विमान आईसी-814 के यात्रियों की रिहाई के बदले उस वक्त सरकार आतंकवादियों को छोड़ने जा थी। फर्नांडिस ने कहा कि आडवाणी न केवल सब कुछ जानते थे, बल्कि वे कैबिनेट की उस बैठक में भी मौजूद थे, जिसमें बंधक यात्रियों की रिहाई के बदले आतंकवादियों को छोड़ने का फैसला लिया गया था।
गौरतलब है कि अभी हाल में आडवाणी ने कहा था कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि तत्कालीन विदेश मंत्री जसवंत सिंह आतंकवादियों को अपने साथ लेकर कंधार जा रहे हैं।
आडवाणी ने यह बात अपनी पुस्तक में भी लिखी है। आडवाणी के इस रहस्योद्घाटन के बाद कई सवाल खड़े हो गए थे कि राजग सरकार में बड़े फैसले लेते समय आडवाणी को विश्वास में नहीं लिया जाता था। लेकिन जार्ज फर्नांडीस के इस नए बयान के बाद आडवाणी इस मामले में खुद सवालों के घेरे में आ गए हैं।