भोपाल. नगर निगम ने रविवार को एक बार फिर रचना नगर में अतिक्रमण विरोधी मुहिम चलाई। इस दौरान यहां के निवासी कार्रवाई के विरोध में लोहे की राड व लाठी लेकर बाहर निकल आए थे। इसके बावजूद निगम अमले ने 24 फेंसिंग हटा दीं।
नगर निगम ने रचना नगर में घरों के बाहर की गई फेंसिंग को लेकर करीब चार महीने पहले 268 निवासियों को नोटिस जारी किए थे। लोकायुक्त में एक शिकायत के बाद नोटिस जारी किए गए थे। दिसंबर में यहां अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई भी की गई थी। उसके बाद कुछ समय के लिए मुहिम थम गई। रविवार को एक बार फिर कार्रवाई शुरू हुई। जब निगम अमला यहां पहुंचा, तो विरोध में निवासी इकट्ठा हो गए। इसमें महिलाएं भी थीं।
जमकर हुई बहस: लोगों का कहना था कि तक्षशिला कॉलेज में भी बाउंड्रीवाल बनी है, पहले उसे तोड़ा जाए। इस पर निगम अमले ने कॉलेज की बाउंड्रीवाल तोड़ दी। यह कॉलेज एक पूर्व मंत्री के रिश्तेदार का है। बाउंड्रीवाल तोड़ने के बाद जब अमले ने फेंसिंग तोड़ना शुरू किया, तो एक बार फिर निवासियों ने उनका विरोध किया। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर बहस हुई। लोगों के विरोध के बावजूद अमले ने अतिक्रमण कर लगाई र्गई 24 फेंसिंग हटा दीं।