जबलपुर. मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के एक प्रशासनिक जज ने पुलिस महकमे द्वारा पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराए जाने के चलते उन्हें मिले सुरक्षाकर्मी लौटा दिए हैं। यहां उनके बंगले पर पिछले दो दिनों से एक भी सुरक्षा गार्ड नहीं है। सूत्रों के अनुसार, जस्टिस आरएस गर्ग के पास पर्याप्त संख्या में सुरक्षा गार्ड न होने की जानकारी एक-दो बार पुलिस विभाग को दी जा चुकी थी। इसके बाद भी जब व्यवस्था नहीं सुधरी तो जस्टिस गर्ग ने शनिवार को तमाम सुरक्षा कर्मियों को रिलीव कर दिया। इस बारे में पूछे जाने पर जस्टिस गर्ग ने सुरक्षा कर्मियों को रिलीव करने की पुष्टि की, लेकिन इसके कारणों का खुलासा करने से इनकार कर दिया।
बताया जाता है कि मप्र हाईकोर्ट के इतिहास में इस तरह की यह संभवत: पहली घटना है। सूत्रों ने बताया कि हाईकोर्ट के सभी जज वीआईपी कोटे में आते हैं और उनके लिए सुरक्षा के अलावा पायलट व फॉलोअप दस्ते जैसी व्यवस्थाएं मुहैया कराने की जिम्मेदारी पुलिस विभाग की होती है।