bhaskar Web English
HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

करोड़ों वसूले, करोड़ों बाकी

भोपाल.b वित्त वर्ष के समाप्त होने के एक दिन पहले रविवार होने के बावजूद कई शासकीय कार्यालयों में आम दिनों की तरह कामकाज हुआ। बैंक, आयकर, उत्पाद शुल्क व सेवाकर, वाणिज्यिक कर व अन्य विभागों के कार्यालय सोमवार को भी रात आठ बजे तक खुले रहेंगे। दरअसल, वित्त वर्ष के अंतिम दिनों में वसूली का लक्ष्य हासिल करने के लिए सरकारी विभागों के अधिकारी दिन रात एक किए हुए हैं। नगर निगम और विद्युत वितरण कंपनी तो कर और बिल जमा करने के लिए गली-गली में अनाउंसमेंट कर रहे हैं।

नगर निगम ने जमा किए एक करोड़

निगम के सभी वार्ड कार्यालय रविवार की सुबह से खुल गए थे। यहां जलदर और संपत्ति कर सहित अन्य सभी कर जमा किए जा रहे थे। अधिकारियों के अनुसार रविवार को दिन भर में कुल एक करोड़ रुपए जमा हुए। निगम इस वित्त वर्ष में 52 करोड़ रुपए की वसूली कर चुका है। अब एक दिन में 8 करोड़ की वसूली होना है। सोमवार को नगर निगम के वार्ड कार्यालय रात आठ बजे तक खुले रहेंगे।

काटे जाएंगे बिजली के कनेक्शन

विद्युत वितरण कंपनी के सभी बिल भुगतान केंद्र रविवार को रात आठ बजे तक खुले रहे। एक दिन में 40 लाख रुपए के बिजली बिल जमा हुए। वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री आरके शर्मा के अनुसार वे सभी बड़े सरकारी विभागों से संपर्क हैं, अधिकतर ने 31 मार्च तक राशि जमा कराने का आश्वासन दिया है, जो विभाग सोमवार तक चेक जमा नहीं कराएंगे उनकी बिजली काट दी जाएगी।

रविवार को हुई 210 रजिस्ट्री

दोनों रजिस्ट्रार कार्यालयों में रविवार को कुल मिला कर दो सौ दस संपत्तियों की रजिस्ट्री हुई। रजिस्ट्रार नगेंद्र शर्मा के अनुसार एक दिन में करीब ढाई करोड़ रुपए की आय हुई। जवाहर चौक स्थित कार्यालय में अधिक भीड़भाड़ देखी गई। यहां 150 संपत्तियों की रजिस्ट्री हुई। भोपाल जिले का रजिस्ट्री से आय का इस साल का लक्ष्य 225 करोड़ है। सोमवार को देर रात तक रजिस्ट्रार आफिस खुले रहेंगे।

लक्ष्य के करीब पहुंचा आयकर विभाग

आयकर विभाग सोमवार को रात आठ बजे तक रिटर्न स्वीकार करेगा। अधिकारियों के अनुसार इसके लिए अलग से काउंटर तो नहीं बनाए जा रहे हैं, लेकिन अधिकारी अपने कक्ष में रिटर्न स्वीकार करेंगे। आयकर विभाग का इस साल का लक्ष्य 720 करोड़ रुपए है। विभाग के अधिकारियों के अनुसार वे लक्ष्य के करीब पहुंच गए हैं और सोमवार तक 750 करोड़ रुपए आयकर जमा हो जाएगा।

वाणिज्यिक कर के चेक जमा कराए

वाणिज्यिक कर विभाग के सभी कार्यालयों में रविवार को भी सामान्य दिनों की तरह कामकाज हुआ। विभाग के अधिकारियों ने व्यापारियों से वाणिज्यिक कर के चेक जमा करा लिए, जिन्हें सोमवार को बैंक में जमा कराया जाएगा। विभाग के डिवीजन-1 में रविवार को डेढ़ करोड़ रुपए के चेक जमा हुए। उपायुक्त एके शुक्ला के अनुसार डिवीजन का लक्ष्य 600 करोड़ है और अंतिम दिन तक 650 करोड़ रुपए वाणिज्यिक कर जमा होने का अनुमान है।

बकायादारों से कर जमा करने का अनुरोध

केंद्रीय उत्पाद शुल्क व सेवाकर विभाग भी सोमवार को रात आठ बजे तक रिटर्न स्वीकार करेगा। विभाग पूर्व में ही यह साफ कर चुका है कि 31 मार्च को रात आठ बजे तक जमा हुए कर को ही उस तारीख में जमा माना जाएगा। रविवार को विभाग के अधिकारियों ने बड़े बकायादारों से संपर्क कर सोमवार को कर जमा करने का अनुरोध किया।

रात आठ बजे तक खुलेंगे बैंक

वित्त वर्ष के अंतिम दिन शासकीय कामकाज वाले सभी बैंक रात आठ बजे तक खुले रहेंगे। अतिरिक्त समय में केवल शासकीय जमा व भुगतान का काम होगा। इस संबंध में आवश्यक आदेश बैंकों में पहुंच गए हैं। रविवार को भी अधिकतर बैंकों के अधिकारी कार्यालयों में मौजूद थे। इस दौरान लेन-देन नहीं तो नहीं, लेकिन अधिकारियों ने जरूरी काम निपटाए।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: