bhaskar Web English
HomeNewsMetrosIndore Indore

नन्हे हाथों ने दी सपनों को जमीन

इंदौर. शहर के 2600 परिवारों के लिए रविवार सपनों की जमीन लेकर आया था। किसी को नन्हे हाथों से तो किसी को अनजाने व्यक्ति द्वारा निकाली गई लॉटरी से प्लॉट मिले। आवेदक ज्यादा थे और प्लॉट कम इसलिए कुछ परिवार खुश हुए तो बहुत से निराश भी।

यह नजारा रविवार सुबह से नेहरू स्टेडियम में देखने को मिला जहां इंदौर विकास प्राधिकरण की स्कीम-134, 136 और 140 के छोटे प्लॉटों का आवंटन लॉटरी से किया गया। इस अवसर पर प्राधिकरण अध्यक्ष मधु वर्मा ने कहा लॉटरी में नाम न आने पर लोग निराश न हों। छह महीने में 25-30 हजार प्लॉट और बिना लाभ-हानि की दर पर बेचे जाएंगे। हमें कमजोर आय वर्ग के लोगों को प्लॉट देने में दिक्कत है। स्कीम-134, 136 और 140 के प्लॉटों की लॉटरी के लिए हमने लंबी लड़ाई लड़ी है। पहले प्राधिकरण सालभर में 20 करोड़ के काम करता था, अब आंकड़ा 1200 करोड़ तक पहुंच गया है।

अध्यक्ष ने दावा किया स्कीम-140 देश की सबसे अच्छी कॉलोनी होगी। स्कीम-134 को भी ऐसी ही बनाने के प्रयास कर रहे हैं। प्राधिकरण के पास पैसे की कमी नहीं है, स्कीम-151 से ही दो हजार करोड़ की आय होगी जो विकास पर खर्च होगी। सामान्य वर्ग के लिए 1200 मकानों की लॉटरी भी होगी। महापौर डॉ. उमाशशि शर्मा ने प्राधिकरण को बधाई देते हुए कहा खुशी की बात है 2600 परिवारों को प्लॉट दिए जा रहे हैं।

उपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश माखीजा ने कहा इंदौर के इतिहास में संभवत: पहली बार निम्न आयवर्ग को इतने प्लॉट दिए जा रहे हैं। समारोह को भाजपा अध्यक्ष सुदर्शन गुप्ता, विधायक महेंद्र हार्डिया, पूर्व विधायक गोपीकृष्ण नेमा व उपाध्यक्ष माणकचंद सोगानी ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में उमेश शर्मा, मुकेशसिंह राजावत, प्राधिकरण संचालक टीकम जोशी, विजय मलानी, मालती डामोर, गायत्री बाथम, एमआईसी सदस्य अनिल बिंदल, शांता झंवर, सपना चौहान, अंजू माखीजा, शकुंतला बापट, पद्मा भोजे, संतोष वर्मा, आईडीए सीईओ प्रमोद गुप्ता, चीफ इंजीनियर पी.के. मिस्त्री, उपयंत्री कपिलदेव भल्ला और दिनेश गोयल सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।

पहला प्लॉट सैफुद्दीन को

पहली लॉटरी जनता के बीच से बुलाए एक व्यक्ति ने निकाली। नाम सैफुद्दीन सैफी का था और प्लॉट मिला स्कीम-140 में 546 नंबर। इसके बाद अलग-अलग टेंटों में सुबह 11.30 से 3 बजे तक लॉटरी खुलती रही और सभी 2600 प्लॉटों का आवंटन पूरा हो गया। महिलाओं, पुरुषों, बुजुर्गो और बच्चों को मंच पर बुलाकर लॉटरी निकलवाई।

आज लगेगी सूची

प्राधिकरण के रेसकोर्स रोड दफ्तर में सोमवार शाम चार बजे तीनों स्कीमों के प्लॉट पाने वालों की सूची नाम व नंबर सहित लगेगी।

ड्राफ्ट 8 अप्रैल से

जिन लोगों की लॉटरी नहीं खुली उनके ड्राफ्ट 8 अप्रैल से लौटाए जाएंगे। ड्राफ्ट उसी बैंक शाखा से मिलेंगे जहां फॉर्म जमा कराए थे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: