News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. जिला अदालतों में मुकदमों को जल्दी निपटाने के लिए ‘एक्सट्रा कोर्ट’ लगाने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत हाईकोर्ट ने सभी जिला अदालतों को पत्र लिखकर इस संबंध में सुझाव मांगे हैं।
हाईकोर्ट के साथ ही अधीनस्थ अदालतों में भी मामलों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इन मामलों के जल्द निपटारे के मद्देनजर कोशिश की जा रही है कि जिला अदालतों का समय बढ़ाया जाए। वर्तमान में जिला अदालतें सुबह 10.30 बजे से शाम पांच बजे तक लगती हैं, जिनमें रुटीन के मामलों की सुनवाई होती है। यह कोशिश की जा रही है कि जिला अदालतों में रुटीन समय अलावा भी सुबह-शाम अतिरिक्त समय तक कोर्ट लगाई जाएं। इस अतिरिक्त समय में ऐसे मामलों को सुना जाएगा, जिनका निपटारा जल्दी किया जा सकता है।
आपसी विवाद, मारपीट सहित अन्य छोटे प्रकरण जिनकी सुनवाई लंबे समय से चल रही है, इसके अतिरिक्त समय में ऐसे मामलों को निपटाया जाएगा, ताकि बाकी समय में गंभीर प्रकरणों को सुनकर उन पर फैसला दिया जा सके। इसके लिए हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल द्वारा जिला न्यायालयों के पीठासीन अधिकारी को पत्र लिखा गया है। इसमें उनसे इस संबंध में प्रस्ताव और सुझाव मांगे गए हैं। उनसे पूछा गया है कि इस मामले में क्या किया जा सकता है? अगर अतिरिक्त समय सुनवाई करनी हो, तो समय क्या रखा जा सकता है, कितने घंटे तक सुनवाई की जा सकती है और सबसे बड़ी बात ऐसे कर पाना व्यवहारिक और संभव होगा भी या नहीं।
जिला अदालतों से इस बाबत सुझाव मिलने के बाद ही इन्हें लागू किया जाएगा। हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल एचएस मरकाम का इस संबंध में कहना है कि अब तक इस संबंध में कोई निर्णय नहीं हुआ है। प्रारंभिक तौर पर जिला अदालतों से पूछा गया है कि ऐसा कर पाना संभव है। अगर किसी तरह की दिक्कत नहीं होती और कामकाज पर प्रभाव नहीं पड़ता, तभी सबके सुझाव के बाद यह व्यवस्था लागू की जाएगी।