bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

दीवाना हुआ बादल, मौसम ने ली..

बिलासपुर. स्थानीय प्रभाव के चलते संभाग का मौसम अचानक बदल गया। दिन भर तो धूप निकली रही, लेकिन दोपहर तीन बजते ही आसमान पर काले बादल छा गए। इस दौरान तेज हवाएं भी चलती रहीं। विशेषज्ञों ने स्थानीय प्रभाव का असर 24 घंटे रहने की संभावना जताई है। दिन भर कड़ी धूप के कारण गर्मी व उमस से बेहाल हुए शहरवासियों को रविवार शाम को बदली ने खासी राहत दे दी।

सुबह से दोपहर तीन बजे तक कड़ी धूप निकली रही, लेकिन तीन बजे के बाद बदली छाने लगी थी। कुछ समय में ही आसमान पर काले बादलों का कब्जा हो गया था, जिससे तेज बारिश की संभावना बन रही थी। इस दौरान बारिश तो नहीं हुई, लेकिन हवाएं चलती रहीं। मौसम विभाग रायपुर के तकनीकी निदेशक एमएल साहू ने बताया कि राज्य के लगभग सभी संभागों में मौसम की स्थिति एक जैसी ही है। इसके पीछे खाड़ी का कोई सिस्टम नहीं, बल्कि स्थानीय प्रभाव मुख्य कारण है।

श्री साहू ने बताया कि कुछ स्थानों पर दोपहर व रात में बारिश की संभावना भी बन रही है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति एक से दो दिनों तक यथावत रह सकती है। इसके बाद मौसम खुलने लगेगा। प्रदेश में रविवार का अधिकतम तापमान रायपुर में 37.7, माना 38.2, अंबिकापुर 35.7, पेंड्रारोड 34.2, जगदलपुर 23.8, चांपा 38.6 एवं रायगढ़ में अधिकतम तापमान 39.4 सेंटीग्रेड दर्ज किया गया।

जगदलपुर में सर्वाधिक प्रभाव

स्थानीय प्रभाव का सबसे अधिक असर जगदलपुर में दिखाई दे रहा है। जगदलपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज किया गया था, जो रविवार को घटकर 23.8 हो गया है। विशेषज्ञों के अनुसार जगदलपुर में रविवार का अधिकतम तापमान सामान्य से 12 डिग्री सेंटीग्रेड नीचे चल रहा है। इसी तरह अंबिकापुर के न्यूनतम तापमान में सामान्य से तीन डिग्री की बढ़ोतरी हुई। वहीं पेंड्रारोड का न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री नीचे चल रहा है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: