News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. गुढ़ियारी इलाके में रविवार शाम पार्षद श्रीकुमार मेनन के घर के सामने दो दर्जन युवकों ने पूतला जलाकर घंटेभर जमकर हंगामा किया। युवकों ने पार्षद के घर के सामने सड़क पर सांकेतिक बोर्ड में कालिख पोतकर नारे भी लगाए। इसके बाद पार्षद ने भी कांग्रेस नेताओं को इकट्ठा कर लिया। देर शाम कांग्रेस पार्षद समेत कई नेता गुढ़ियारी थाने पहुंच गए तथा युवकों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए थाने का घेराव किया।
थाने में शाम करीब साढ़े 7 बजे पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने महापौर सुनील सोनी और भाजपा नेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद कई अफसर थाने पहुंच गए। काफी देर तक समझाने के बाद कांग्रेसी शांत हुए। बाद में उन्होंने हंगामा करने और कालिख पोतने वाले युवकों के खिलाफ नामजद शिकायत की। थाना घेरने वाले कांग्रेसियों में शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष इंदरचंद धाडी़वाल, कांग्रेस प्रवक्ता प्रमोद दुबे, पार्षद श्रीकुमार मेनन, पार्षद देवकीबाई, प्रमोद चौबे, ठाकुरराम साहू, भागवत साहू, अनवर, महेश शर्मा आदि शामिल थे।