News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर.
परिसीमन आयोग की सिफारिशों पर राष्ट्रपति की मुहर लगने के बाद चुनाव आयोग ने सभी राज्यों के मुख्य निर्वाचन कार्यालयों को निर्देश दिए हैं कि नए परिसीमन के आधार पर चुनाव की तैयारी शुरू कर दी जाए। इस पत्र के साथ ही तय हो गया कि छत्तीसगढ़ में आगामी विधानसभा और उसके बाद लोकसभा चुनाव नए परिसीमन पर होंगे।
आयोग के निर्देश पर छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. आलोक शुक्ला ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को मतदाता सूची में परिवर्तन के आदेश जारी कर दिए। डा. शुक्ला ने दैनिक भास्कर को बताया कि जिलेवार मतदाता सूचियों को अपडेट किया जा रहा है। नए परिसीमन के अनुरूप सभी जिलों में विधानसभावार मतदाता सूचियां 15 अप्रैल तक तैयार कर ली जाएंगी।
छत्तीसगढ़ में आने वाले विधानसभा चुनाव नए परिसीमन से होंगे या नहीं, इसे लेकर अब तक लोग संशय में थे। चुनाव आयोग की चिट्ठी से यह संशय दूर हो गया। राज्य को केंद्र से मिलनेवाली यह पहली सूचना है। आयोग के इस निर्देश से प्रदेश की राजनीति में खलबली मचनी तय है। कई नेताओं को नए सिरे से राजनीतिक जमीन तलाशनी होगी। परिसीमन के बाद कई विधानसभा क्षेत्रों की सीमाएं बदल जाएंगी। इस कारण दोनों ही दलों के कई दिग्गजों को भी नए इलाकों में अपना आधार तैयार करना होगा।
आठ विस सीटें लुप्त
परिसीमन आयोग की सिफारिशें लागू होने के बाद छत्तीसगढ़ में विधानसभा की आठ सीटें विलुप्त हो जाएंगी। आदिवासियों की पांच सीटें कम हो जाएंगी। सामान्य वर्ग की विधानसभा सीटें बढ़ जाएंगी।
लोस में एक सीट लुप्त : लोकसभा की दृष्टि देखा जाए तो अनूसूचित जाति की एक सीट कम हो जाएगी। इसके तहत बिलासपुर को अनुसूचित जाति से सामान्य किया जा रहा है। अजा के लिए आरक्षित सारंगढ़ लोकसभा क्षेत्र विलुप्त हो जाएगा और उसके स्थान पर कोरबा सामान्य वर्ग के लिए नया लोकसभा क्षेत्र होगा।