नई दिल्ली. जयपुर की एक छात्रा की यहां निजामुद्दीन के एक गेस्ट हाउस में हत्या कर दी गई। यह छात्रा चार दिन पहले ही अपने साथियों के साथ जयपुर से दिल्ली पहुंची थी। पुलिस ने उसके दोस्त आशीष नंदवाना को हिरासत लिया है।
आशीष जयपुर के संसारचंद रोड इलाके की लोहा मंडी में सरिये का कारोबार करता है। मृतक छात्रा मूलत: रांची की रहने वाली थी। जयपुर के अंबावाड़ी इलाके में उसकी बड़ी बहन का सुसराल है और वह उसी के साथ रह रही थी। उसने हाल ही एयर होस्टेस का कोर्स पूरा किया था।
गुरुवार रात छात्रा आशीष सहित तीन साथियों के साथ दिल्ली पहुंची। रात करीब सवा बजे ये सभी निजामुद्दीन स्थित कैपिटल गेस्ट हाउस में ठहरे। शनिवार सुबह आशीष खून में लथपथ छात्रा को चादर में लपेट कर जंगपुरा के साही अस्पताल में ले गया। पूछे जाने पर उसने बताया कि छात्रा बाथरूम में गिरकर जख्मी हो गई।
डॉक्टरों के मुताबिक छात्रा की गर्दन व पेट पर चाकू के गहरे घाव थे। उसने अस्पताल पहुंचने के कुछ घंटे बाद ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने कत्ल का मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक इस छात्रा व आशीष के बीच संबंध थे, लेकिन कुछ दिनों पहले छात्रा की दोस्ती कुछ और युवकों से हो गई थी।