जयपुर/गंगापुर सिटी. रविवार शाम अचानक आए जोरदार अंधड़ से रेल यातायात अस्त-व्यस्त हो गया। अंधड़ के कारण छोटी उदेई स्टेशन के पास रेलवे की ओवरहैड लाइन टूट गई। यहीं पर बांद्रा से गोरखपुर की ओर जा रही अवध एक्सप्रेस का पेंटोग्राफ भी टूट गया। अंधड़ के कारण ओवरहैड लाइन व पेंटोग्राफ टूटने से ट्रेन किमी नं. 1104/2 के पास रुक गई। घटना की जानकारी गंगापुर मिलने पर गंगापुर से मेंटीनेंस स्टाफ को तुरंत विशेष गाड़ी से घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
खेतड़ी में गिरे ओले
प्रदेश पिछले कुछ दिनों से मौसम की भारी उथल-पुथल झेल रहा है। रविवार को राज्य में बाड़मेर, चूरू व जैसलमेर तेज गर्मी की चपेट में रहे, जबकि झुंझुनूं के खेतड़ी इलाके में बूंदाबांदी के बीच चने के आकार के ओले गिरे। बीकानेर व राजसमंद इलाके में भी बादल छाए रहे और बूंदाबांदी होने के बाद लोगों ने तेज गर्मी से राहत महसूस की।
मौसम की इस उथल-पुथल के बीच रविवार को प्रदेश के करीब सभी इलाकों में दिन के तापमान में 1 से 3 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। राजधानी में सुबह तेज गर्मी थी, जबकि शाम को काली घटाएं उमड़ीं और कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई। कोटा में भी बूंदाबांदी हुई।
कई जगह धूलभरी आंधी
झुंझुंनू जिले में दिन धूलभरी हवाओं के नाम रहा। शाम को बादल छाने से गर्मी की तपिश कम हुई। जिले के खेतड़ी में दोपहर बाद मेघ गर्जन के साथ बूंदाबांदी हुई। शाम को हल्की बरसात के साथ चने के आकार के ओले गिरे। इसके बाद मौसम खुशनुमा हो गया।
बीकानेर में दोपहर बाद हल्की धूप के बीच बूंदाबांदी हुई। उसके बाद बादल और गहरा गए। शाम 6:30 बजे के करीब फिर तेज हवा के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। उदयपुर में दिनभर उमस रही। दोपहर 12 बजे तक तेज धूप थी, लेकिन धीरे-धीरे आसमान में बादल घिरने लगे। दोपहर दो बजे के करीब शहर व आसपास के इलाकों में बूंदाबांदी हुई, जिससे उमस और बढ़ गई।
तेज गर्मी की चपेट में रहे
प्रदेश में कहीं आंधी तो कहीं बादल और ओले गिरने की घटनाएं हो रही हैं। खेतड़ी क्षेत्र में रविवार को ओले गिरे। वहीं बाड़मेर, जैसलमेर व चूरू में सुबह से ही तेज गर्मी रही। बाड़मेर में पिछले कई दिनों से अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ज्यादा चल रहा है। सीकर में भी दिनभर तेज धूप से लोग परेशान रहे। हालांकि दो बजे बाद आकाश में बादल छाने से धूप का असर कुछ कम हुआ।
अधिकतम तापमान घटा
स्थान—शनिवार—रविवार
अजमेर—37.2—35.3
कोटा—38.7—-36.9
श्रीगंगानगर—37.8—35.8
जैसलमेर—40.0—38.5
जोधपुर—38.5—-37.0
मौसम विभाग ने प्रदेश में कहीं-कहीं आंधी चलने और मेघगर्जन के साथ बूंदाबांदी की संभावना जताई है।