जयपुर/अजमेर.
महर्षि दयानंद सरस्वती (एमडीएस) विश्वविद्यालय, अजमेर के नए कुलपति डॉ.भागीरथ सिंह होंगे। राजभवन से उनकी नियुक्ति के रविवार को आदेश जारी हो गए। राजस्थान विश्वविद्यालय में आर्थिक प्रशासन और वित्तीय प्रबंधन विभाग में प्रोफेसर सिंह की नियुक्ति स्थायी कुलपति के रूप में की गई है।
वे तीन वर्ष तक इस पद पर रहेंगे। राजस्थान विश्वविद्यालय में सेवारत सिंह ने कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। वे यहां 31 वर्ष से कार्यरत हैं। उन्होंने आर्थिक क्षेत्र से संबंधित पांच किताबें भी लिखी हैं। देश के विभिन्न भागों में कई अंतरराष्ट्रीय वर्कशॉप के मुख्य वक्ता रहे हैं।
एक नजर में कुलपति :
जन्म : 1 दिसंबर, 1953
मूल निवासी : कंवरपुरा (सीकर)
शैक्षणिक अनुभव :
असिस्टेंट प्रोफेसर, आर्थिक प्रशासन और वित्तीय प्रबंधन विभाग (1976-1990)
एसोसिएट प्रोफेसर, आर्थिक प्रशासन और वित्तीय प्रबंधन विभाग (1991-2000)
प्रोफेसर, आर्थिक प्रशासन और वित्तीय प्रबंधन विभाग (2001 से अब तक)
‘रिसर्च को बढ़ावा दूंगा’
‘भास्कर’ से बातचीत में नए कुलपति ने कहा कि उनकी प्राथमिकता रिसर्च को बढ़ावा देने पर रहेगी। विश्वविद्यालय में ज्यादा से ज्यादा आधारभूत सुविधाएं जुटाई जाएंगी। अच्छी फैकल्टी की कमी दूर की जाएगी। लाइब्रेरी के अपग्रेड करने पर भी काम होगा। उनका कहना है कि विश्वविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव होने चाहिए। इससे विश्वविद्यालय में सहशैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।