बीकानेर.
रविवार दोपहर बाद शहर में अचानक बूंदाबांदी शुरू हो गई। हल्की धूप के बीच बूंदाबांदी को देखकर लोग हैरान हो गए। जब तक लोग कुछ समझ पाते उससे पहले बूंदाबांदी बंद हो गई लेकिन उसके बाद बादल और गहरा गए।
शाम साढ़े छह बजे के करीब फिर तेज हवा के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। रुक-रुक के बूंदाबांदी होने का दौर रात 10 बजे तक चलता रहा। हालांकि बारिश जैसा माहौल सुबह से नहीं दिखाई दिया था। आसमान सुबह से ही साफ था। तेज धूप सुबह से ही पड़ रही थी। दोपहर को धूल भरी हवाएं भी चलती रही।
इससे लोगों को परेशानी हुई लेकिन दुपहिया वाहन चालक स्कार्फ, टोपी व चश्मा इत्यादि का उपयोग पहले ही करने लगे। दोपहर बाद शहर में जहां बूंदाबांदी हुई, वहीं लालमदेसर बड़ा गांव सीजन की पहली बारिश से तर हो गया। ग्रामीणों के अनुसार यहां करीब 10 अंगुल बारिश रिकार्ड की गई। नोखा में भी बारिश आई।
बिजली कड़कड़ाने के साथ शुरू हुई बारिश ने कस्बेवासियों को गर्मी से राहत दी। जिले के कोलायत, नाल और लूणकरणसर में दिनभर धूलभरी हवाएं चली। वहीं शहर रविवार को अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री व न्यूनतम 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस होने के कारण बूंदाबांदी हुई है।