bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanKota Kota

डेढ़ घंटे अंधेरे में डूबा शहर

कोटा. रविवार देर शाम चली धूल भरी आंधी व बूंदाबादी का सीधा असर शहर की बिजली सप्लाई पर पड़ा। शहर में शाम को आधे घंटे के लिए और आधी रात को करीब एक घंटे से ज्यादा अवधि के लिए शहर अंधेरे में डूबा रहा।

रात को बूंदा-बांदी के बीच आकाश में बार-बार बिजली कड़कती रही। इस दौरान आकाशीय बिजली की वजह से थर्मल सुपर पावर स्टेशन की सभी छह यूनिट ट्रिप हो गई। इसके साथ ही कोटा शहर सहित कोटा देहात, बूंदी व झालावाड़ अंधेरे में डूब गए।

रात सवा एक बजे थर्मल के चीफ इंजीनियर टीके बरड़िया ने बताया कि रविवार रात 11 बजकर 57 मिनट पर अचानक थर्मल की सभी यूनिट डंप हो गई, जिन्हें एक-एक यूनिटवार चालू किया जा रहा है।

शहर के कुछ इलाकों में करीब 70 मिनट बाद बिजली सप्लाई सुचारू हो गई, वहीं कहीं इलाकों में लगभग दो से तीन घंटे की अवधि में बिजली लौटी। इसके कारण लोक परेशान होते रहे। मौसम में ठंडक घुलने के बावजूद घरों में लोगों को उमस से निजात नहीं मिली। शहर की कई पॉश कॉलोनियों में आधी रात बाद तक लोग बिजली विभाग के दफ्तर में फोन करते रहे।

इससे पूर्व शाम को मौसम का मिजाज बदलने और तेज अंधड़ व बूंदाबांदी के बाद करीब आधा घंटा शहर अंधेरे में डूबा रहा। सड़कों पर गड्ढों में पानी भर गया। कई जगहों पर रोड लाइट चालू नहीं हो पाई। विद्युत वितरण निगम ने एहतियात के तौर पर शहर के सभी फीडर पर बिजली सप्लाई बंद कर दी थी।

निगम के प्रथम एवं द्वितीय खंड के अधिशासी अभियंता पी. के. मित्तल व के. जी. चतुर्वेदी ने बताया कि शाम को 7 से 8 बजे के बीच आधा घंटा बिजली सप्लाई बंद कर दी गई थी। बिजली सप्लाई चालू किए जाने के बाद कहीं से भी तार गिरने या अन्य किसी लाइन को नुकसान पहुंचने की सूचना नहीं है। निगम द्वारा सप्लाई शुरू किए जाने के बाद भी शहर के कई बाजारों में अंधेरा छाया ही रहा।

उधर, अंधड़ के कारण छोटी उदेई स्टेशन के पास रेलवे की ओवरहैड लाइन टूट गई। यहीं पर बांद्रा से गोरखपुर की ओर जा रही अवध एक्सप्रेस का पेंटोग्राफ भी टूट गया। अंधड़ के कारण ओवरहैड लाइन व पेंटोग्राफ टूटने से ट्रेन किमी नं. 1104/2 के पास रुक गई।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: