News
Rajasthan
Shekhawati Shekhawati सीकर. 12वीं गणित के सैकंड पेपर से लीक हुए सवालों के मामले की सूचना शिक्षा विभाग ने बोर्ड कार्यालय को भेजी है। सूत्रों के अनुसार विभाग के आला अधिकारियों ने भी इसे काफी गंभीरता से लिया है। साथ ही इस तरह की किसी भी सूचना पर तत्काल एक्शन लेने, पेपरों की सुरक्षा बढ़ाने तथा इससे जुड़ी जानकारी बोर्ड कार्यालय को भिजवाने के निर्देश सक्षम अधिकारियों को दिए हैं।
इधर, मामले की चर्चा दिनभर बनी रही तथा अधिकारियों में हड़कंप मचा रहा। अधिकारी पेपरों की सुरक्षा व जांच को लेकर और चौकस हो गए हैं। जिला शिक्षाधिकारी नोपाराम वर्मा ने बताया कि रविवार को फ्लाइंग दस्तों की स्पेशल मीटिंग में विशेष सतर्कता बरतने की रणनीति बनाई गई है। इसके अलावा पेपरों की सुरक्षा और जांच के लिए विशेष दलों का गठन कर फील्ड में रहने के निर्देश दिए गए हैं।
डीईईओ भंवरसिंह राव ने बताया कि भास्कर टीम द्वारा मोबाइल पर नोट कराए गए अधिकतम सवाल पर्चे में मौजूद थे, जिसकी सूचना शिक्षा उपनिदेशक तथा बोर्ड कार्यालय को भिजवा दी गई है।
इस संबंध में आगे की कार्रवाई बोर्ड कार्यालय से मिले निर्देशों के आधार पर की जाएगी। उल्लेखनीय है कि शनिवार को १2वीं के गणित सैकंड विषय के पर्चे में दर्ज कई सवाल परीक्षा समय से पहले ही स्टूडेंट्स के बीच पहुंच गए थे।