भोपाल.
मध्यप्रदेश में प्रतिबंधित संगठन स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इंदौर और उज्जैन शहर में रविवार रात सात कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। इनमें से दो की गिरफ्तारी इंदौर और पांच की उज्जन से हुई।
इंदौर के पुलिस महानिरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि अब्दुल रज्जाक और रईस नामक दो कार्यकताओं को गिरफ्तार किया गया है। उधर, उज्जैन के पुलिस अधीक्षक एम.एस. नारंग ने बताया कि जिले के उनहेल से पांचों कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। इनके नाम हैं जाहिद परवेज, अयाग उर्फ आसू, अकबर, नैमुदनी शेख और इरसाद अली।
उन्होंने बताया कि पुलिस को सिमी के कार्यकर्ताओं की बैठक की सूचना मिली थी। खुफिया सूचना के आधार पर ही रविवार रात को छापेमारी की गई और पांच कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किए जाने की संभावना भी जताई।
उधर, इंदौर के पुलिस अधीक्षक अंशुमान सिंह यादव ने बताया कि पिछले दिनों गिरफ्तार सिमी के 13 सदस्यों से पूछताछ में पता चला है कि उनके निशाने पर बाबरी मस्जिद ढहाने में शामिल राजनेता थे। हालांकि यादव ने स्पष्ट तौर पर किसी नेता का नाम बताने से इंकार कर दिया।
संबंधित खबरें
* सिमी को धन मुहैया कराने वाले गिरफ्तार
* सिमी के सरगनाओं को पकड़ने वाले पुरस्कृत होंगे
* सिमी का भोपाल से रिश्ता
* इंदौर में भी फैले हैं सिमी के कार्यकर्ता
* सिमी का जंक्शन है नागदा
* सिमी के कई ओहदेदार गिरफ्तार