अगरतल्ला. त्रिपुरा में 12 आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण के बीच अलगाववादियों ने एक जनजातीय नेता की हत्या कर दी है।
एक पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि पश्चिम त्रिपुरा के सिधाई में आल त्रिपुरा टाइगर फोर्स (एटीटीएफ) के आतंकवादियों ने 30 वर्षीय सुनील डेबरमा की गोली मारकर हत्या कर दी।
डेबरमा जनजातीय समुदाय के नेता थे और इन्होंने आतंकवादियों के खिलाफ विरोध की आवाज बुलंद की थी।
इस बीच असम राइफल्स के कमांडर बिक्रमजीत ने बताया कि नेशनल लिबरेशन फ्रंट ऑफ त्रिपुरा (एनएलएफटी) के 12 आतंकवादियों ने एरिया कमांडर नरहरि जमातिया के नेतृत्व में आत्मसमर्पण कर दिया है।
बिक्रमजीत के मुताबिक कचनपुर में आत्मसमर्पण के दौरान आतंकवादियों के पास कोई हथियार नहीं था। ये आतंकवादी कुछ दिनों पहले बांग्लादेश के चिट्टगांग पहाड़ी इलाके से भागकर भारत आ गए थे। बिक्रमजीत के अनुसार इन आतंकवादियों की उम्र 22 से 35 साल के बीच है।