जयपुर. एक अध्यापक को उसके धर्म के भांजे ने अपने दो अन्य भाइयों से लुटवा दिया, लेकिन पुलिस की पूछताछ में वह टूट गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि रींगस निवासी अध्यापक रामेश्वर चौधरी (54) ने झोटवाड़ा के कालवाड़ रोड स्थित गोविंदम् टॉवर में एक फ्लैट 12 लाख रुपए में खरीदा है, जिसके बकाया साढ़े 3 लाख रुपए देने वे ट्रेन से अपने पड़ोसी के भांजे व वैशाली नगर के टैगोर नगर निवासी दीपक पारीक (22) के साथ 3 लाख 14 हजार रुपए लेकर रींगस से यहां आए थे। उन्हें पांच्यावाला निवासी मोहन कटारिया से 36 हजार रुपए उधार लेने जाना था। उन्होंने यह बात दीपक को ट्रेन में बता दी थी।
दीपक व रामेश्वर ट्रेन से 11 बजे उतरे। दीपक आटोरिक्शा में चौधरी को अपने घर ले गया। वहां उसने नाश्ता व चाय के बहाने रामेश्वर को ऊपर के कमरे में बैठा दिया और खुद नीचे आकर मोबाइल से अपने बड़े भाई व मौसी के लड़के को योजना समझाई। चौधरी को दीपक की मां ने खाना खिलाया। इसके बाद दीपक मोटरसाइकिल पर रामेश्वर के साथ पांच्यावाला रवाना हुआ। कनकपुरा फाटक के पास दोपहर 12.30 बजे एक मोटरसाइकिल पर दो युवक आए और रामेश्वर के हाथ से रुपए वाला बैग छीन कर भाग गए। दोनों ने हेलमेट लगा रखे थे। दीपक ने दिखावे के तौर पर लुटेरों का पीछा किया। इसके बाद दोनों पहले पुलिस चौकी व बाद में थाने पहुंचे।
गोली मारने वाले को जेल भेजा
सांगानेर के प्रताप नगर में शुक्रवार रात को अपने साथी को गोली मारने वाले एक आरोपी को सोमवार को न्यायालय ने जेल भेज दिया। आरोपी सतीश बघेल ने शराब पीने के बाद शुक्रवार देर रात अपने साथी हरिओम सैनी को देशी कट्टे से गोली मार दी थी। आरोपी का रिमांड पूरा होने व उससे चार कारतूस बरामद करने के बाद पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। वहां से उसे जेल भेज दिया। अभी घायल का उपचार एसएमएस में चल रहा है।
ऐसे खुला राज
वैशालीनगर पुलिस इंचार्ज दिवाकर चतुर्वेदी ने रामेश्वर चौधरी से बात की तो सामने आया कि रींगस से पैसा लाने की बात केवल दीपक को ही मालूम थी। वह खाना खिलाने के दौरान 10 मिनट के लिए नीचे चला गया था। मोटरसाइकिल धीरे-धीरे चलाते हुए वह दौरान बार-बार पीछे देखता जा रहा था। चौधरी ट्रेन से सीधे पांच्यावाला जाना चाहते थे, लेकिन दीपक उन्हें जबरन अपने घर ले गया। चतुर्वेदी ने दीपक के दोनों मोबाइल देखकर सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गया। इसके बाद पुलिस ने दीपक पारीक, उसके बड़े भाई संदीप पारीक(24), मौसेरे भाई टोंक फाटक मधुबन कॉलोनी निवासी आरोपी अजय पारीक (25) को गिरफ्तार कर उनके पास से दो लाख 25 हजार रुपए बरामद कर लिए।