हिंडौनसिटी. नादौती तहसील के कैमरी गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के परीक्षा केंद्र पर सोमवार को कुछ लोगों ने धावा बोलकर बच्चों को नकल करवाई। बदमाशों ने केंद्र पर मौजूद परीक्षकों के साथ भी धक्का-मुक्की की। उधर, पुलिस ने अब तक किसी के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया है। घटनानुसार सोमवार को सैकड़ों की संख्या में नकल कराने वाले परीक्षा केंद्र में घुस गए। इन्होंने परीक्षकों को एक ओर धकेल कर बच्चों को खूब देर तक नकल करवाई। इस दौरान एक-दो परीक्षकों ने इसका विरोध भी किया, मगर नकल कराने वालों ने उन्हें एक ओर धकेल दिया। एसडीएम जगदीशचंद्र आर्य ने बताया कि इस बारे में बोर्ड के अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।
कलेक्टर ने की परीक्षा निरस्त:
कलेक्टर नवीन जैन ने सोमवार को इस परीक्षा केंद्र पर हुई 10वीं के सामान्य विज्ञान द्वितीय की परीक्षा निरस्त कर दी है।
नहीं थे सुरक्षा बंदोबस्त :
परीक्षा केंद्र पर नकल होने की शिकायत मिलने के बाद भी प्रशासन ने केंद्र पर कोई सुरक्षा बंदोबस्त नहीं किए थे, जबकि सामान्यत: संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर पुलिस के बंदोबस्त करने का प्रावधान है।
पथराव कर छुड़ाया आरोपियों को
नकल कराने के आरोप में पुलिस ने दो जनों को गिरफ्तार किया था, लेकिन बाद में बदमाशों ने पथराव कर उन्हें छुड़वा लिया। पुलिस ने नकल कराने के आरोप में धीरेन्द्र सिंह गुर्जर और पप्पू सिंह गुर्जर को पकड़ा ही था कि शेरसिंह गुर्जर ने अपने साथियों के साथ मिलकर पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुई इस घटना में पुलिस को संभलने का मौका नहीं मिला और आरोपी भाग गए।