HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

बादलों के आंसू

जयपुर. weatherराज्यभर में सोमवार को मौसम ने पलटा खाया और कई जगह अंधड़, बारिश के बाद चने के आकार के ओले गिरे। अलवर, जोधपुर, पाली, झालावाड़ में बिजली गिरने से 6 जनों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य झुलस गए। बारिश से कई स्थानों पर गेहूं, जौ, चना, सरसों, जीरे व ईसबगोल की फसल को नुकसान हुआ है। मारवाड़ के बिलाड़ा क्षेत्र में बिजली गिरने से रायड़े की रखवाली कर रहे भंवरलाल गुर्जर की मौत हो गई।

पाली में काया भीला गांव में रात को बिजली गिरने से सोहनलाल की मृत्यु हो गई और खेत पर सो रहा उसका साला झुलस गया। गिरी गांव में बिजली गिरने से एक व्यक्ति और उसकी पत्नी गंभीर झुलस गए। दोनों को ब्यावर रैफर किया गया है। झालावाड़ के चुरेलिया गांव में रविवार रात बिजली गिरने से एक किसान मांगीलाल की मौत हो गई।

अलवर के हरसाना गांव में शाम करीब 5 बजे एक ही परिवार के चार सदस्यों पर आकाशीय बिजली गिर गई। इसमें बालिका प्रियंका की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चों समेत तीन जने झुलस गए। बिजली गिरने के समय वे एक पेड़ के नीचे खड़े थे। कोटकासिम क्षेत्र के गांव करवड़ की ढाणी में भी आकाशीय बिजली गिरने से दो जने झुलस गए।

जयपुर जिले के गोविन्दगढ़, कोटपूतली, कालवाड़ कस्बे में अंधड़ के बाद चने के आकार के ओले गिरे। कोटपूतली में सड़कों और खेतों पर ओले की सफेद चादर बिछ गई। इससे जौ व गेहूं की फसलों को नुकसान हुआ है। ओलावृष्टि से राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी बाधित रहा। टोंक, सवाईमाधोपुर, कोटा, बारां में आंधी के साथ तेज बारिश हुई। टोंक में बिजली गिरने से कई जगह गाय-बकरियां मर गईं। वहां सरपंच केदार गुप्ता व रामा जांगिड़ बिजली गिरने से झुलस गए।

शहर में तेज हवा और बौछारों के कारण यातायात बाधित रहा। ठंडी हवा चलने और तापमान में पांच डिग्री की कमी आने से मौसम खुशनुमा हो गया। राजसमंद जिले के कुरज में सोमवार रात बिजली गिरने से एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया। जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ। जिले में कई जगह बारिश हुई।

जयपुर में मस्जिद की मीनार को नुकसान

मौसम की उथल-पुथल के बीच सोमवार को राजधानी में दिन की तेज गर्मी के बाद शाम को आकाश में काली घटाएं उमड़ीं और शहर को तर कर र्गई। रात तक रुक-रुक कर बारिश होती रही, जिससे मौसम सुहाना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली। बिजली गिरने से जौहरी बाजार स्थित जामा मस्जिद की मीनार को मामूली नुकसान पहुंचा। करिश्मा यह रहा कि नीचे कपड़ों की दुकान सहित किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ। शाम सात बजे तक शहर में करीब 5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश से शहर का तापमान 37.8 से घटकर 36.2 डिग्री हो गया।

मौसम क्यों बदला

मौसम विभाग के अनुसार कई दिनों से प्रदेश के सभी हिस्सों में तापमान बढ़कर 40 डिग्री तक हो गया था, जबकि इन दिनों में सामान्य तापमान 35 डिग्री के आसपास रहता है। इस कारण कम दबाव का क्षेत्र बन गया। इसके प्रभाव से कई जगह अंधड़ और बरसात आई। कृषि विश्वविद्यालय, दुर्गापुरा के मौसम वैज्ञानिक ओ.पी.गिल ने बताया कि मौसम में बदलाव स्थानीय कारणों से हुआ है। तापमान जब भी सामान्य से ज्यादा होता है तो इस तरह के बदलाव आते हैं। इससे गेहूं की फसल को नुकसान हो सकता है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: