HomeNewsMetrosIndore Indore

विवेकानंद विद्या विहार में सामूहिक नकल

इंदौर. छात्र बिना किसी खौफ के गाइडों और पर्चियों से नकल कर रहे थे। पर्यवेक्षक भी उन्हें रोकने के बजाय नकल करने में सहायता कर रहे थे। केंद्राध्यक्ष सब कुछ देखते हुए चुप थीं। जैसे ही संयुक्त संचालक की निरीक्षण टीम वहां पहुंची तो अफरा-तफरी मच गई। छात्र दरवाजे से लेकर खिड़कियों से चिट बाहर फेंकने लगे। अंत में यहां सामूहिक नकल का प्रकरण बनाया गया।

मामला सांवेर के विवेकानंद विद्या विहार (चंद्रावतीगंज) का है। यहां 10वीं के सामाजिक विज्ञान विषय की 408 छात्र परीक्षा दे रहे थे। परीक्षा शुरू होने के साथ ही नकल होने की बात कही जा रही थी। हालांकि स्थानीय अधिकारियों को यह नहीं दिखी। सोमवार को शिक्षा विभाग के जेडी (ज्वाइन डायरेक्टर) डॉ.एस.बी. सिंह के निरीक्षण दल ने स्कूल में प्रवेश किया तो अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

छात्रों ने नकल की सामग्री खिड़कियों और दरवाजे के बाहर फेंकना शुरू कर दी। कुछ छात्र नकल का प्रकरण न बने इसलिए कक्ष के बाहर निकल गए। यहां मौजूद स्टाफ ने निरीक्षण टीम को बातों में उलझाकर रोकने की कोशिश की मगर टीम के सदस्य दौड़-दौड़कर परीक्षा कक्ष देख रहे थे तो कुछ ने नकल सामग्री एकत्रित करना शुरू कर दी। कक्ष क्र. 4 और 11 में निरीक्षण टीम के अनुसार शिक्षकों को भी नकल करवाते देखा गया। संयुक्त संचालक ने यहां सामूहिक नकल का प्रकरण बना दिया।

इस पर हस्ताक्षर करने के लिए जब केंद्राध्यक्ष अजय बी. जैन को कहा गया तो वे ना-नुकुर करने लगे। हस्ताक्षर नहीं करने की बात पर जब अनुशासनहीनता की बात हुई तो उन्होंने तुरंत हस्ताक्षर कर दिए। श्री सिंह ने माध्यमिक शिक्षा मंडल को भेजी रिपोर्ट में केंद्राध्यक्ष को निलंबित करने की अनुशंसा भी की है।

अन्य जिलों के छात्र दे रहे थे परीक्षा

उक्त केंद्र पर परीक्षा दे रहे अधिकांश छात्र जिले के बाहर के हैं। इससे यहां ठेका लेकर नकल करने की बात भी की जा रही है। श्री सिंह ने यहां के पूरे छात्रों की 10वीं के पहले कक्षाओं की मार्कशीट व मूलनिवासी प्रमाण-पत्र की भी जांच करने की अनुशंसा की है।

निजी शिक्षकों के हवाले थी व्यवस्था

बोर्ड के नियमों के अनुसार प्रत्येक कक्ष में एक शासकीय तो एक निजी पर्यवेक्षक रखने का नियम है। बावजूद इसके यहां एक ही कक्ष में दोनों ही निजी स्कूल के शिक्षकों को पर्यवेक्षक बनाया गया था।

डीईओ ने बनाए छह प्रकरण

जिला शिक्षा अधिकारी माया मालवीय के निरीक्षण दल ने सोमवार को दो स्कूलों में नकल के छह प्रकरण बनाए। इसमें डायमंड स्कूल में दो और अग्रवाल विद्यालय, छावनी में नकल के चार प्रकरण बने। यहां छात्र चिट से नकल कर रहे थे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: