HomeNewsMetrosIndore Indore

दो सड़क हादसे, दो चिराग बुझे

इंदौर. i सोमवार को 15 मिनट के अंतराल में दो सड़क हादसों में दो घरों के चिराग बुझ गए। एबी रोड पर आईपीएस एकेडमी की छात्रा खुशबू की ट्रक ने जान ली। वहीं नंदानगर में दो वर्षीय ध्रुव को घर से निकलते ही टैंकर ने रौंद दिया। एबी रोड पर छात्रों ने दो घंटे चक्काजाम किया तो नंदानगर में क्लीनर की पिटाई की गई। गुस्से के इस इजहार के बाद भी सड़कों पर जान की सुरक्षा का सवाल अनसुलझा ही रह गया।

ट्रक की टक्कर से फार्मेसी की छात्रा की जान गई

सोमवार को होंडा एक्टिवा से घर लौट रही आईपीएस एकडेमी की दो छात्राओं को एबी रोड पर ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे एक छात्रा ने वहीं दम तोड़ दिया और दूसरी घायल हो गई। हादसे के तुरंत बाद पहुंचे पुलिसकर्मियों ने पंचनामा बनाए बगैर शव गाड़ी में रख लिया तो लोगों में रोष फैल गया। उन्होंने दो घंटे तक चक्काजाम कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक होंडा एक्टिवा (एमपी 09-एसबी-0224) पर सवार फार्मेसी कॉलेज के प्रिंसिपल डी.के. जैन की बेटी परिधि कॉलेज से घर लौट रही थी। साथ में शहडोल की 20 वर्षीय खुशबू गुप्ता भी थी। दोनों अजरुननगर के करीब पहुंची ही थी कि राऊ की ओर से आए ट्रक ने पीछे से टक्कर मारी। इससे परिधि सड़क किनारे जा गिरी और खुशबू बीच सड़क पर। वह संभलती इससे पहले ही ट्रक चालक उसे रौंदते हुए निकल गया। लोगों ने ट्रक का पीछा भी किया लेकिन वह कई लोगों को टक्कर मारते हुए भाग निकला।

सिर पहियों के नीचे आ गया

प्रत्यक्षदर्शी मुकारसिंह व प्रकाशसिंह के मुताबिक खुशबू का कुचला सिर देख कई लोग सुधबुध खो बैठे। इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दी। तब तक कॉलेज भी सूचना पहुंच गई तो छात्र घटनास्थल पर पहुंचे। घायल परिधि को सीएचएल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां वह खतरे से बाहर है।

नंदानगर में टैंकर से अस्त हो गया ‘ध्रुव’

सवा दो वर्षीय ध्रुव मालाकार दौड़ता हुआ सड़क पर आया ही था कि पानी से भरे टैंकर (एमपी 09-केबी-2256) ने चपेट में ले लिया। मौके पर ही उसके प्राण निकल गए। वह परिवार का इकलौता चिराग था। लोगों ने क्लीनर आशुतोष की जमकर पिटाई की। हादसा सोमवार दोपहर 3.45 बजे नंदानगर गली नंबर सात में हुआ। टैंकर की टक्कर से गिरे ध्रुव के सिर पर पहिया चढ़ गया। लोगों के चिल्लाने पर ड्राइवर ने कुछ दूर जाकर टैंकर रोका और भाग गया। तब तक ध्रुव के प्राण निकल चुके थे। टैंकर वार्ड-32 का था जबकि हादसा वार्ड-13 में हुआ। बाद में पुलिस ने टैंकर जब्त कर क्लीनर को हिरासत में लिया।

बेहोश हो गए पिता

ध्रुव के पिता नरेंद्र नसिया रोड पर एक दुकान पर काम करते हैं। पड़ोसियों से हादसे की सूचना मिलते ही वे बेहोश हो गए। मां कल्पना का भी रो-रोकर बुरा हाल था।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: