HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

ब्रिटिश लायब्रेरी अब शिक्षा विभाग के हाथों में

भोपाल. राजधानी की ब्रिटिश लायब्रेरी को अब स्कूल शिक्षा विभाग संचालित करेगा। सोमवार को विभाग की विशेष कमेटी ने लायब्रेरी का प्रभार ले लिया। जीटीबी काम्प्लेक्स परिसर में ही इसका संचालन किया जाएगा।

गौरतलब है कि ब्रिटिश काउंसिल ने फरवरी में इस लायब्रेरी को बंद कर दिया था। इसे बचाने की कवायद के बीच स्कूल शिक्षा विभाग ने गत 29 मार्च को पांच सदस्यीय एक कमेटी का गठन कर उससे इस बारे में रिपोर्ट मांगी कि क्या लायब्रेरी विभाग के अधीन की जा सकती है? 31 मार्च को कमेटी ने रिपोर्ट सौंपी और लायब्रेरी का चार्ज भी ले लिया। इसके आदेश भी जारी हो गए हैं।

ये हैं कमेटी में: कमेटी में लोकशिक्षण संचालनालय के अपर संचालक पीएल अहिरवार, संयुक्त संचालक अस्मा नसीर और सहाय संचालक गुरूवचन सिंह सहित दो अन्य सदस्य हैं।

26 लाख का प्रावधान: कमेटी की अनुशंसा पर शिक्षा विभाग के बजट में लायब्रेरी के लिए 26 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा लायब्रेरी के करीब 15 कर्मचारियों को स्वेच्छा के आधार पर शिक्षा विभाग में मर्ज किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही आवेदन बुलाए जाएंगे।

कोर कमेटी बनेगी: पांच सदस्यीय विशेष कमेटी ने लायब्रेरी संचालन के लिए कोर कमेटी बनाने की अनुशंसा की है। विशेष कमेटी के मुताबिक कोर कमेटी ही लायब्रेरी के रख-रखाव, संचालन और विकास के लिए काम करेगी।

15 अप्रैल तक खुलना संभावित: विभाग 15 अप्रैल तक लायब्रेरी को शुरू करने की कोशिश कर रहा है। अभी लायब्रेरी की बिजली कटी हुई है, इसे दो-तीन दिन में चालू कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही वर्तमान भवन को लीज पर लेने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। लायब्रेरी की वर्तमान सदस्यता बरकरार रखी जाएगी। वहीं नई सदस्यता का निर्णय कोर कमेटी के गठन के बाद होगा। लायब्रेरी का समय भी यथासंभव पूर्ववत् ही रखा जाएगा।

29 फरवरी 08 को हुई थी बंद।

4 हजार से अधिक हैं पुस्तकें।

5000 से अधिक है सदस्य संख्या (समस्त श्रेणी)।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: