News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़.बम विस्फोटों के आरोप में सजा-ए-मौत पाए पाक की जेल में बंद भारतीय कैदी सरबजीत सिंह की रिहाई की उम्मीद अभी बरकरार है। भारत सरकार के आग्रह पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए पाकिस्तान सरकार ने फिलहाल उसकी फांसी की सजा कुछ दिनों तक टाल दी है।
बादल ने बुलाया था
महीने भर की इस मोहलत में सरबजीत को बचाने के लिए दुआओं-प्रार्थनाओं के अलावा राजनयिक स्तर की कोशिशें भी जारी हैं। इन्हीं कोशिशों के तहत ही पाकिस्तान के पूर्व कार्यवाहक मानवाधिकार मंत्री अंसार बर्नी पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के खास निमंत्रण पर सरबजीत सिंह और पाकिस्तान में कैद अन्य भारतीयों के परिजनों से मिलने 2 अप्रैल को भारत आएंगे। अंसार बर्नी सरबजीत सिंह के बेकसूर होने संबंधी प्रमाणों पर गंभीरता से गौर करने का संकेत इस दौरे से पहले ही दे चुके हैं। इस दौरान उनकी बेगम शाहीन बर्नी और बेटा फहद बर्नी उनके साथ होंगे।
मुख्यमंत्री के गांव भी जाएंगे अंसार बर्नी 3 अप्रैल को मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के पैतृक गांव बादल जाएंगे। 4 अप्रैल को उनका पाकिस्तान द्वारा हाल ही में छोड़े भारतीय कश्मीर सिंह के गांव नंगल चोरां जाने का कार्यक्रम है। इस दौरान लोक संपर्क मंत्री विक्रम सिंह मजीठिया उनके साथ होंगे।
पंचायत करेगी सम्मान
नंगल चौरां की पंचायत की ओर से उन्हें सम्मानित किया जाएगा। उनका 5 अप्रैल को वापस पाकिस्तान लौटने का कार्यक्रम है। बर्नी यहां उन परिवारों से मिलेंगे जिनके अपने विभिन्न मामलों में बरसों से पाकिस्तान की अलग-अलग जेलों में बंद हैं। बर्नी के खास कार्यक्रम कार्यक्रम का खुलासा करते हुए वरिष्ठ पत्रकार जी.सी. भारद्वाज ने बताया कि बर्नी यहां पाक में बंद भारतीय कैदियों के परिजनों से कई संबंधित दस्तावेज और रिकॉर्ड भी लेंगे ताकि पाकिस्तान जाकर वे वहां बंद भारतीय कैदियों की रिहाई के लिए वे गंभीरता से काम कर सकें।