News
Metros
Chandigarh Chandigarh पटियाला
मोगा सेक्स स्कैंडल में गिरफ्तार सुखराज सिंह ने दावा किया है कि उसने इस मामले से गुरप्रीत का नाम निकालने के लिए मोगा के तत्कालीन एसएसपी दविंद्र सिह गरचा को चार लाख रुपए की घूस दी थी। गुरप्रीत व्यापारी है और उसकी मोगा में सीमेंट और लोहे की दुकान है।
सोमवार को पटियाला की सीबीआई कोर्ट में पेशी के दौरान सुखराज ने बताया कि पुलिस गुरप्रीत को इस मामले में फंसा रही थी। गुरप्रीत के पिता एफसीआई में अधिकारी हैं और उन्होंने अपने बेटे को बचाने के लिए उसे (सुखराज) को फोन किया था।
सुखराज के अनुसार, शहर में लकड़ी का नामचीन व्यापारी होने के नाते उसकी गरचा से पहचान थी। गुरप्रीत के पिता के आग्रह पर जब उसने गरचा से मुलाकात की तो गरचा ने ब्लैकमेल करते हुए चार लाख रुपए की रिश्वत मांगी जो उन्हें दे दी गई। उसके बाद पुलिस ने गुरप्रीत का नाम इस मामले से निकाल दिया था।
कोर्ट ने सुखराज को जेल भेजा : सीबीआई कोर्ट ने सुखराज सिंह को 12 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। सीबीआई का कहना है कि सैक्स स्कैंडल की आड़ में पुलिस अफसरों ने मोटी रकम वसूल की और सुखराज पुलिस, पीड़ितों के बीच डीलिंग हैंड का काम करता था। सीबीआई पहले सुखराज को वायदा माफ गवाह बनाना चाहती थी, लेकिन उसने जांच में सहयोग नहीं किया।