HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

प्रदेश के साहित्यकार शहर में जुटेंगे

बिलासपुर. 14 वर्ष पूर्व अस्तित्व में आई प्रदेश स्तरीय संस्था समन्वय साहित्य परिवार के 14वें वार्षिकोत्सव में पूरे छत्तीसगढ़ भर के साहित्यकार एक मंच पर जुटेंगे। 6 अप्रैल को लिंक रोड स्थित लायंस भवन में आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रायपुर के रिटायर्ड जज पीसी गुप्ता होंगे। इस मौके पर ‘साहित्य के प्रचार-प्रसार में दृश्य व प्रिंट मीडिया की भूमिका’ व अन्य गंभीर विषयों पर विमर्श किया जाएगा।

समन्वय साहित्य परिवार के संस्थापक व वरिष्ठ नेत्र सर्जन डा. बलराम ने शनिवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि साहित्य, संस्कृति, कला, विज्ञान व अध्यात्म के क्षेत्र में एनजीओ के रूप में पूरे राज्य में कार्यरत यह एकमात्र संस्था है, जिसकी 12 इकाइयां सक्रिय हैं। समारोह दोपहर 3 बजे से प्रारंभ होगा, जिसकी अध्यक्षता धमतरी के डा. एनपी गुप्ता करेंगे, विशिष्ट अतिथि डा. विनय कुमार पाठक, श्यामनारायण साहू व महासमुंद के देवधर महंत होंगे। डा. बलराम ने बताया कि कार्यक्रम में भगवती प्रसाद दुबे, दिनेश्वर राव जाधव व भाटापारा की सुश्री सुमन शर्मा को साहित्य क्षेत्र में रचनात्मक गतिविधियों के लिए ‘समन्वय रत्न’ से अलंकृत किया जाएगा।

इस मौके पर डा. बलराम द्वारा संपादित संस्था की नियमित वार्षिक पत्रिका ‘समन्वय वार्षिकांक 2008’ व बलौदाबाजार के सालिकराम सेन द्वारा रचित खंड काव्य ‘मांडवी’ का विमोचन किया जाएगा। उत्तरार्ध में राज्य स्तरीय कवि संगोष्ठी होगी। कार्यक्रम की तैयारियों में संस्था के केंद्राध्यक्ष राघवेंद्र दुबे, उपाध्यक्ष डा. विनोद वर्मा, विजय तिवारी, सचिव महेश श्रीवास, सलाहकार हरिशचंद्र वाद्यकार, प्रचार सचिव प्रिय दुबे, हरवंश शुक्ल सहित साहित्यप्रेमी जुटे हुए हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: