News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. राज्य में अप्रैल से चार कमिश्नर अस्तित्व में आ जाएंगे। नवरात्रि में इसकी अधिसूचना जारी होगी और चार कमिश्नरों की नियुक्ति की जाएगी। प्रदेश मंत्रिमंडल ने सोमवार को संबंधित अत्यादेश के प्रारूप को मंजूरी दी। मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में रायपुर, सरगुजा, बस्तर और बिलासपुर में कमिश्नर कार्यालय प्रारंभ करने सभी पहलुओं पर चर्चा हुई।
तय किया गया कि अप्रैल में नवरात्रि से चारों संभाग मुख्यालय शुरू किए जाए। राजस्व व संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने बैठक के बाद पत्रकारों को बताया कि कमिश्नरी प्रणाली लागू करने का उद्देश्य प्रशासनिक कसावट लाना है।
इससे आम जनता को भी सुविधा होगी और सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यो को जनोन्मुखी बनाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के हस्ताक्षर के बाद अध्यादेश जारी होगा। नवरात्रि के दौरान इसकी अधिसूचना जारी कर चारों संभागों में कमिश्नर पदस्थ किए जाएंगे। अधिसूचना जारी होने के बाद विकास आयुक्तों के पद खत्म हो जाएंगे। उन्होंने बताया ति भू-राजस्व संहिता में भी संशोधन का प्रस्ताव है। सभी विकास आयुक्तों से कहा गया है कि संशोधन का प्रस्ताव जल्दी पेश करें। इसी तरह भू-राजस्व अध्यादेश संशोधन 08 भी पारित किया गया। उल्लेखनीय है कि करीब सवा पांच साल पहले जोगी सरकार ने प्रदेश में कमिश्नरी प्रणाली खत्म कर दी थी। अब रमन सरकार ने इसे फिर से पुनर्जीवित कर दिया।
किस संभाग में कौन से जिले
रायपुर - रायपुर, धमतरी, महासमुंद, दुर्ग, राजनांदगांव, कबीरधाम।
बिलासपुर - बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, जांजगीर-चांपा।
बस्तर - बस्तर, दंतेवाड़ा, कांकेर, नारायणपुर और बीजापुर।
सरगुजा - सरगुजा, कोरिया और जशपुर।